*विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू*
*राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में डीएम एवं एसएसपी ने खुलवाया ईवीएम वेयरहाउस, निर्धारित मशीनें निकलवाकर अलग वेयरहाउस में रखवाईं*
एटा, 17 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस खुलवाकर निर्धारित ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को निकलवाने तथा उन्हें अलग वेयरहाउस में सुरक्षित रखवाने की प्रक्रिया पूर्ण कराई। इस दौरान अधिकारी द्वय ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से अवलोकन किया उन्होंने एवं वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग आदि की बारीकी से जानकारी ली तथा उपस्थित सुरक्षा कर्मी से पूर्ण चौकसी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मशीनों के सुरक्षित रखरखाव एवं आगामी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इन मशीनों के सार्वजनिक प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन एवं मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा, जिससे मतदान प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर हो सके तथा मतदाताओं का विश्वास और जागरूकता बढ़े।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार मोरल सहित कांग्रेस से हाजी आशिक हुसैन भोले, भाजपा महामंत्री सुशील कुमार गुप्ता, समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष परवेज जुबेरी, उपाध्यक्ष भूपेंद्र प्रजापति, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सोनू कुमार तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से ज्ञान सिंह उपस्थित रहे। जिला सूचना कार्यालय एटा 👆🏻
















