*खुद दूसरे के घर थी नौकरानी, लेकिन अपने घर मे लगा रखी थी दो-दो नौकरानीया*
*आलीशान जीवनशैली ने खोला 50 लाख की चोरी का राज, नौकरानी और उसका लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार*
कोलकाता: दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर इलाके में एक बैंक मैनेजर के घर से करीब 50 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब डेढ़ महीने की गहन जांच के बाद हरिदेवपुर थाने की पुलिस ने आरोपी नौकरानी रूपा सांत्रा और उसके लिव-इन पार्टनर उत्तम मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। नौकरानी की आलीशान जीवनशैली और खर्चों पर उठे संदेह ने इस पूरी वारदात का पर्दाफाश किया।
ऐसे दिया गया चोरी को अंजाम:
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेहला के शाखेर बाजार के पास रहने वाले एक बैंक मैनेजर के घर में दो नौकरानियां काम करती थीं। इनमें रूपा पिछले पांच वर्षों से कार्यरत थी। अक्टूबर की शुरुआत में जब परिवार ने घर की अलमारी खोली, तो लॉकर से सोने के सभी गहने गायब मिले। जांच में सामने आया कि रूपा घर से धीरे-धीरे गहने चुराकर अपने पार्टनर उत्तम को सौंपती थी। उत्तम इनमें से कुछ गहने बेच देता था, जबकि बाकी गहनों को गलवाकर नए आभूषण बनवा लेता था।
कैब से आवाजाही और महंगे शौक से गहराया शक:
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों नौकरानियों से पूछताछ की, लेकिन दोनों ने चोरी की बात से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर गुप्त निगरानी रखनी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने पाया कि दूसरी नौकरानी जहां बस से घर लौटती थी, वहीं रूपा रोजाना कैब से आती-जाती थी। छानबीन में पता चला कि रूपा अपने पति और बच्चों को छोड़कर उत्तम के साथ एक किराये के फ्लैट में रह रही थी। उत्तम भी अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रहता था और कोई नियमित काम नहीं करता था।
खुद के घर में रखी थीं दो नौकरानियां:
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस भी आरोपियों की जीवनशैली देखकर दंग रह गई। पता चला कि रूपा और उत्तम पिछले कुछ महीनों में किराये की कार से कई बार मंदारमणि घूमने गए थे, इसके अलावा उन्होंने तारापीठ और पुरी की भी यात्रा की थी। हैरानी की बात यह थी कि दूसरों के घर में काम करने वाली रूपा ने अपने फ्लैट में भी दो नौकरानियां रखी हुई थीं, जिन्हें वह मोटा वेतन देती थी।
सराफा दुकान के सुराग से गिरफ्तारी:
इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उत्तम ने हाल ही में एक दुकान से पुराने सोने के गहने गलवाकर नए आभूषण बनवाए हैं। इस ठोस सुराग के आधार पर पुलिस ने दोनों के किराये के फ्लैट पर छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में सोने के गहने और नकदी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के शेष गहनों और उनसे जुटाई गई रकम का पूरा हिसाब खंगाल रही है।
















