एटा में मौत को दावत देता रेलवे फ्लाईओवर! प्रशासन और PWD की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
शहर के रेलवे फ्लाईओवर पर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) की कथित लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता देती दिखाई दे रही है। फ्लाईओवर के दोनों ओर सड़क किनारे बनी सुरक्षा पटरी क्षतिग्रस्त है और कई स्थानों पर करीब 20-20 फुट गहरी खाई खुली पड़ी है। यदि कोई वाहन अनियंत्रित हो जाए तो गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थिति को और भी खतरनाक बना रही है फ्लाईओवर पर प्रकाश व्यवस्था का अभाव। रात के समय पूरे पुल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभागों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन और PWD किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? आखिर सुरक्षा संबंधी इतनी गंभीर खामियों को दूर करने के लिए जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे? यदि समय रहते रोड किनारे पटरियों की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन पर होगी।








