*18-19 आयु वर्ग के युवाओं एवं महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर, 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस*
( राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई आलेख्य मतदाता सूची )
एटा !
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है तथा 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का गंभीरता से अवलोकन करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ-साथ वर्तमान मतदाताओं को भी इसका पूर्ण लाभ दिलाना है। इसलिए सभी मतदाता समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें तथा किसी प्रकार की त्रुटि अथवा नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18-19 आयु वर्ग के युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर देते हुए कहा कि जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। इसके साथ ही जनपद में महिलाओं का जेंडर रेशियो कम होने के दृष्टिगत अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं के नाम भी मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि विशेष प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए, कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
इस अवधि में चार विशेष अभियान दिवस 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) निर्धारित किए गए हैं। इन विशेष तिथियों पर सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु फार्म उपलब्ध कराएंगे तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य आवश्यक जानकारियां प्रदान करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथों के लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करें, ताकि बीएलए एवं बीएलओ के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित हो सके और अवशेष पात्र मतदाताओं के नाम समय से मतदाता सूची में दर्ज कराए जा सकें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण तथा मतदान प्रक्रिया में सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची के अनुसार कुल 11,79,476 मतदाता हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र 103-अलीगंज में 3,22,925, 104-एटा में 2,85,175, 105-मारहरा में 2,90,708 तथा 106-जलेसर (अ.जा.) में 2,80,668 मतदाता शामिल हैं। जनपद में कुल 1,150 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 1,636 मतदेय स्थल निर्धारित हैं तथा सभी 1,636 मतदेय स्थलों पर बीएलओ की तैनाती की गई है।
आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों तथा जनपद के सभी 1,636 मतदेय स्थलों पर किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची जनपद की वेबसाइट https://etah.nic.in/deo-portal/ तथा https://electoralsearch.eci.gov.in/ एवं https://voters.eci.gov.in/ पर भी उपलब्ध है। मतदाता अपने मोबाइल पर Voters Help Line App डाउनलोड कर भी मतदाता सूची में अपना नाम एवं संबंधित विवरण देख सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय के कंट्रोल सेंटर के नंबर 05742-233312 एवं टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासनअध्यक्ष परवेज जुबैरी एवं भूपेंद्र प्रजापति, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सोनू यादव तथा माकपा के ज्ञान सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















