राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आगरा के पत्रकारों को बड़ी सौगात, वर्षों बाद नियमित खुलेगा ताज प्रेस क्लब
अध्यक्ष मनोज मिश्र के प्रयास लाए रंग, केयरटेकर की हुई नियुक्ति; सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा क्लब, जल्द होंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
आगरा। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर ताज प्रेस क्लब आगरा के पत्रकारों को बड़ी सौगात मिली है। क्लब को व्यवस्थित, सक्रिय और सुविधाजनक बनाने की दिशा में अध्यक्ष मनोज मिश्र के प्रयास आखिरकार रंग लाए हैं। नगरायुक्त के सहयोग से क्लब में केयरटेकर की नियुक्ति कर दी गई है। इसके साथ ही वर्षों से बंद पड़े क्लब को नियमित रूप से खोलने का रास्ता साफ हो गया है। 16 नवंबर से क्लब प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। ताज प्रेस क्लब के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब क्लब को नियमित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से केयरटेकर की नियुक्ति की गई है। इसे अध्यक्ष मनोज मिश्र और उनकी कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
अध्यक्ष मनोज मिश्र ने बताया कि क्लब को नियमित रूप से खोलने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सदस्यों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। साथ ही शुद्ध पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है, ताकि पत्रकार साथी यहां बैठकर आपसी विचार-विमर्श कर सकें और अपने पत्रकारिता संबंधी कार्यों को भी अंजाम दे सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्लब को खोलने का निर्णय किसी के दबाव में नहीं, बल्कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के बाद लिया गया है। सदस्यों ने उन्हें जिस विश्वास के साथ अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है।
क्लब को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की भी तैयारी
अध्यक्ष मनोज मिश्र ने बताया कि आने वाले दिनों में ताज प्रेस क्लब परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएंगी। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इससे क्लब को नियमित गतिविधियों का केंद्र बनाने के साथ-साथ आय का स्रोत भी विकसित होगा। क्लब की आय बढ़ने से भविष्य में सदस्यों के हित में सुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी। उनका प्रयास है कि ताज प्रेस क्लब पत्रकारों के संवाद, विचार-विमर्श और रचनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बने।
बॉक्स : निर्माण कार्य अंतिम चरण में, सीवर की समस्या का भी होगा स्थायी समाधान
अध्यक्ष मनोज मिश्र ने बताया कि प्रेस क्लब परिसर में चल रहा निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। क्लब में अब तक सीवर लाइन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण शौचालय की निकासी लाइन अक्सर चोक हो जाती थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर ली गई है। नई सीवर लाइन डलवाकर उसे मुख्य सीवर चैंबर से जोड़ा जाएगा, जिससे शौचालय की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि क्लब की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
सदस्यों से परिचय पत्र साथ रखने की अपील
क्लब की व्यवस्था और गरिमा बनाए रखने के लिए अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से अपना प्रेस क्लब परिचय पत्र साथ रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर दिखाने की अपील की है। साथ ही सदस्यों से अपने नाम के साथ आईडी नंबर लिखने का अनुरोध किया गया है, ताकि बाहरी और अनधिकृत व्यक्तियों का क्लब में प्रवेश रोका जा सके। किसी भी सदस्य को क्लब की व्यवस्था से संबंधित शिकायत या सुझाव देना हो तो वह लिखित रूप में केयरटेकर को दे सकता है। कार्यकारिणी की ओर से उस पर उचित कार्रवाई और समाधान का प्रयास किया जाएगा।
अध्यक्ष मनोज मिश्र ने कहा कि ताज प्रेस क्लब सभी पत्रकार साथियों का अपना संस्थान है। इसकी गरिमा, सक्रियता और विकास की जिम्मेदारी सभी सदस्यों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि सदस्यों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिलें और क्लब पत्रकारों के लिए एक ऐसा साझा मंच बने, जहां सभी साथी बैठ सकें, संवाद कर सकें और अपने सुख-दुख साझा कर सकें। उन्होंने सभी सदस्यों से नई व्यवस्था का लाभ उठाने और क्लब के विकास में अपना निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील की।
















