*एशिया कप में आगरा के लाल मनल चौहान का जलवा: 3 छक्कों और 3 चौकों की आतिशी पारी से भारत को दिलाई शानदार जीत, परिवार में जश्न का माहौल*
आगरा/मैनपुरी:एशिया कप में भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम लहराया है। इस रोमांचक मुकाबले में आगरा के उभरते हुए युवा बल्लेबाज मनल चौहान ने अपनी आतिशबाजी बल्लेबाजी से मैच का पासा पलट दिया। मनल ने अपनी धमाकेदार पारी के दौरान 3 शानदार छक्कों और 3 चौकों की मदद से 47 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे न सिर्फ भारतीय टीम को जीत हासिल हुई बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और आगरा का मान भी बढ़ गया है। बेटे की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद से परिवार और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है, और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर जश्न मनाया जा रहा है।
*क्रिकेट के प्रति लगन और संघर्ष की कहानी*
मनल चौहान के पिता सुदीप चौहान, जो कि मैनपुरी के नगला जुला से प्रधान हैं, ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही क्रिकेट के प्रति बेहद जुनूनी था। बेटे की लगन को देखते हुए उन्होंने उसे क्रिकेट एकेडमी ज्वॉइन कराई। शुरुआत में बेटे की पढ़ाई को लेकर चिंता जरूर थी, लेकिन मनल ने पढ़ाई और खेल दोनों के बीच बेहतरीन तालमेल बिठाया। अपनी मेहनत के दम पर मनल ने अंडर-14, अंडर-16 और अब अंडर-19 टीम तक का सफर तय किया है। इससे पहले मनल ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं और देश के लिए मेडल जीत चुके हैं।
*मां के आंसू और बांके बिहारी का आशीर्वाद*
मनल की माता प्रीति चौहान, जो एक गृहिणी हैं, ने गर्व महसूस करते हुए कहा कि ठाकुर बांके बिहारी जी की असीम कृपा से उनके बेटे ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया, “बेटा जब घर से खेलने निकला था, तो मुझसे वादा करके गया था कि मां, अपनी जिंदगी दाव पर लगा दूंगा लेकिन मैच जीतकर ही लौटूंगा। मैच के दौरान मां होने के नाते डर जरूर था, इसलिए मैंने लाइव मैच नहीं देखा, लेकिन जब जीत की खबर मिली तो दिल खुशी से झूम उठा।” माता-पिता की अब यही कामना है कि मनल भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा बने और देश के लिए वर्ल्ड कप जीतकर लाए।
















