*संविधान दिवस पर योगी सरकार की बड़ी सौगात, आगरा के 90 आंबेडकर पार्कों का होगा भव्य कायाकल्प*
*- हर विधानसभा से 10 पार्कों का चयन, प्रति विधानसभा करीब एक करोड़ रुपये का बजट निर्धारित*
*- कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक रानी पक्षालिका सिंह समेत जनप्रतिनिधियों ने किया शिलान्यास*
*- प्रतिमाओं के ऊपर छत्र, बाउंड्रीवाल, इंटरलॉकिंग, लाइटिंग और सूचना बोर्ड जैसी मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं*
*आगरा, 26 नवंबर।* संविधान दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महापुरुषों के सम्मान और उनकी विरासत को सहेजने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार की महत्वाकांक्षी ‘डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के अंतर्गत गुरुवार को जनपद आगरा की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 90 आंबेडकर पार्कों में प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान लखनऊ के लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का जनपद के सभी चिह्नित स्थानों पर सजीव प्रसारण देखा व सुना गया।
*जनप्रतिनिधियों ने रखी विकास कार्यों की आधारशिला*
जिले के सभी चयनित स्थलों पर प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में भूमि पूजन व शिलान्यास संपन्न हुआ। आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के रुई की मंडी तहसील रोड स्थित प्रतिमा स्थल के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर किया। इसी क्रम में बाह विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने ग्राम पंचायत बिजौली में 9.99 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने नगला भरती, खैरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने ग्राम पंचायत शाहपुर नदीम और कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के प्रतिनिधि अभिनव मौर्य ने आगरा ग्रामीण के ग्राम विलासगंज में कार्यों का शुभारंभ कर लोगों को संविधान की शपथ दिलाई।
*प्रति विधानसभा एक करोड़ का बजट, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं*
योगी सरकार की इस विशेष योजना के तहत जनपद आगरा की प्रत्येक विधानसभा से 10-10 आंबेडकर पार्कों का चयन किया गया है। इसके लिए प्रति विधानसभा लगभग एक करोड़ रुपये और औसतन प्रति प्रतिमा स्थल 10 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। सौंदर्यीकरण अभियान के अंतर्गत पार्कों में प्रतिमाओं के ऊपर छत (छत्र) का निर्माण, मजबूत बाउंड्रीवाल, इंटरलॉकिंग, रंगाई-पुताई, बैठने के लिए बेंच, लाइटिंग और हरियाली के लिए पौधरोपण कराया जाएगा। साथ ही क्षतिग्रस्त पुरानी प्रतिमाओं को बदलकर नई प्रतिमाएं लगाई जाएंगी और बाबा साहेब के जीवन व योगदान को दर्शाने वाले सूचना बोर्ड भी स्थापित होंगे। इस पहल से ये स्थल मौसम व अतिक्रमण से सुरक्षित होकर सामाजिक समरसता के प्रेरणा केंद्र बनेंगे।
*महापुरुषों के सम्मान को प्रतिबद्ध योगी सरकार: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय*
इस अवसर पर वर्चुअल रूप से जुड़े उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर केवल संविधान के शिल्पी ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के अग्रदूत थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महापुरुषों की स्मृतियों और उनके प्रतिमा स्थलों को भव्य, सुरक्षित व सम्मानजनक स्वरूप देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। रुई की मंडी स्थित प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण से क्षेत्रीय जनता को स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण मिलेगा। जो आने वाली पीढ़ियों को बाबा साहेब के आदर्शों से जोड़े रखेगा। निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएंगे।
















