रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- मंदिर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से की मुलाकात, पुलिस बोली— ‘जल्द बेनकाब होंगे चोर, सामान की होगी बरामदगी’
चोपन (सोनभद्र)। स्थानीय नगर स्थित प्रसिद्ध माँ काली मंदिर में हुई चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए चोपन पुलिस पूरी मुस्तैदी और सक्रियता के साथ मामले के खुलासे में जुट गई है। पुलिस की कई टीमें गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है, साथ ही आसपास के तमाम सीसीटीवी कैमरों की सघन निगरानी की जा रही है।
शनिवार को मंदिर समिति का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग को लेकर थाना चोपन पहुंचा और प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर से चोरी हुए चांदी के मुकुट, चांदी की छतरी और पीतल के लड्डू गोपाल को शीघ्र बरामद करने तथा घटना में संलिप्त अपराधियों को तत्काल सलाखों के पीछे भेजने का अनुरोध किया।
“हमारी पहली प्राथमिकता है खुलासा”: थाना प्रभारी
प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि माँ काली के प्रति पुलिस प्रशासन की भी गहरी आस्था है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर एक सुराग पर पैनी नजर रखे हुए है और टीम पूरी सक्रियता के साथ दिन-रात जांच में जुटी है, जिससे बहुत जल्द आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे।
पुलिस की हाई अलर्ट मोड पर जांच
घटना के बाद से ही चोपन पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। जांच अधिकारी तकनीकी और मुखबिर तंत्र दोनों को सक्रिय कर हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। मंदिर व आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके। इसके अलावा पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से गुड्डू मिश्रा, सुनील सिंह, कमल किशोर सिंह, धर्मेन्द्र जायसवाल, बिंदु पांडेय, दीनदयाल सिंह, लल्लू श्रीवास्तव, बबलू सोनी, राजेश सिंह सहित कई अन्य श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस तत्परता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही माता का सारा सामान सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।















