रिपोर्ट: राम आसरे
- 6 मंडल मुख्यालयों पर दो पालियों में 18 विषयों की हुई लिखित परीक्षा; 82.51 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने लिया भाग।
- दो दिवसीय परीक्षा में कुल पंजीकृत 1,27,571 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1,03,393 (81.04 प्रतिशत) परीक्षार्थी रहे उपस्थित।
- आयोग मुख्यालय स्थित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से की गई परीक्षा केंद्रों की सघन लाइव निगरानी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के विज्ञापन संख्या 04/2026 के अंतर्गत सहायक आचार्य (Assistant Professor) पद की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026 को भी प्रदेश के 06 मंडल मुख्यालयों पर परीक्षा पूर्ण शुचिता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हो गई। उन्होंने बताया कि प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ एवं आगरा के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कुल 18 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। इस प्रकार 19 एवं 20 नवम्बर को संपन्न हुई दो दिवसीय लिखित परीक्षा में कुल पंजीकृत 1,27,571 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1,03,393 (81.04 प्रतिशत) अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को आयोजित परीक्षा के विषयों का विवरण देते हुए बताया कि प्रथम पाली (प्रातः 09:30 बजे से 11:30 बजे तक) में कुल 07 विषयों— हिन्दी, राजनीतिक शास्त्र, मनोविज्ञान, शस्य विज्ञान, कृषि आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन, कीट विज्ञान तथा एशियन कल्चर की परीक्षा हुई। वहीं द्वितीय पाली (अपराह्न 02:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक) में कुल 11 विषयों— समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, प्राणि विज्ञान, गृहविज्ञान, प्राचीन इतिहास, उद्यान विज्ञान, सैन्य विज्ञान, संगीत वादन तथा कृषि सांख्यिकी की लिखित परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा की निष्पक्षता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक ‘एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम’ (AI Integrated Control Command Room) से स्वयं अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई तथा परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत दृष्टि रखी गई।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने शुक्रवार की परीक्षा में उपस्थिति के आधिकारिक आंकड़े साझा करते हुए बताया कि दोनों पालियों को मिलाकर कुल 52,399 (82.51 प्रतिशत) परीक्षार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। प्रथम पाली में कुल पंजीकृत 31,828 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 26,994 (84.81 प्रतिशत) तथा द्वितीय पाली में कुल पंजीकृत 31,677 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 25,405 (80.20 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित रहे। दोनों पालियों में महिला परीक्षार्थियों की कुल उपस्थिति 24,523 (81.59 प्रतिशत) तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 27,876 (83.34 प्रतिशत) दर्ज की गई।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग द्वारा निर्धारित प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों पर दोनों दिन की परीक्षा अत्यंत सुचारू, पारदर्शी, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में निर्विघ्न संपन्न हुई है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण संचालन में सक्रिय व सराहनीय सहयोग प्रदान करने के लिए संबंधित सभी जनपदों के जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।















