*जनगणना-2027: पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए विशेष स्वगणना शिविर आयोजित, अधिकारियों एवं पुलिस बल ने कराया स्वगणना पंजीकरण*
*जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी एम. अरुन्मोली के निर्देश पर आयोजित हुए विशेष शिविर, 30 नवंबर तक चलेगा स्वगणना अभियान*
एटा, 21 नवम्बर 2026 (सू0वि0)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की तैयारियों के क्रम में जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज निर्धारित वर्दीधारी बल दिवस(यूनिफॉर्म डे) के अवसर पर पुलिस लाइन एटा के सभागार में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष स्वगणना शिविर का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी एम. अरुन्मोली के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जि की उपस्थिति में पुलिस बल के कार्मिकों को स्वगणना की प्रक्रिया से अवगत कराया गया तथा उन्हें स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त 43वीं वाहिनी पीएसी एटा में नायब तहसीलदार आकाश लवानिया की उपस्थिति में विशेष स्वगणना शिविर आयोजित किया गया। वहीं कमांडेंट होमगार्ड द्वारा भी अपने कार्मिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित कराते हुए उन्हें स्वगणना कराने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी सी. पी.पाठक ने जनगणना के महत्व एवं स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक एवं सहभागितापूर्ण बनेगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, क्षेत्राधिकारी संकल्पदीप कुशवाहा, कृतिका सिंह, प्रसार निरीक्षक किशनलाल गौतम, प्रमुख जनगणना प्रभारी आदेश मौर्य, मास्टर ट्रेनर रजत पाल, एडीएसटीओ अवधेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित अवधि में स्वगणना की प्रक्रिया अवश्य पूर्ण करें तथा जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆🏻















