*केजीएमयू के डॉ. सतीश कुमार को ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस ऑफ एडिनबर्ग की फेलोशिप FRCP से किया गया सम्मानित*
17 नवम्बर/ लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के चिकित्सा संकाय के लिए गौरव का विषय है कि विश्वविद्यालय के मेडिसिन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सतीश कुमार को यूनाइटेड किंगडम के प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस ऑफ एडिनबर्ग (Royal College of Physicians of Edinburgh) की प्रतिष्ठित फेलोशिप FRCP (Edinburgh) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान 13 नवंबर 2026 को स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग स्थित रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस के ऐतिहासिक परिसर में आयोजित औपचारिक समारोह में प्रदान किया गया।
FRCP एडिनबर्ग चिकित्सा जगत में एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, अकादमिक उपलब्धियों, चिकित्सकीय दक्षता, शिक्षण, अनुसंधान तथा चिकित्सा विज्ञान के विकास के प्रति समर्पण को मान्यता प्रदान करता है। इस फेलोशिप की प्राप्ति डॉ. सतीश कुमार की वर्षों की मेहनत, निरंतर अध्ययन, चिकित्सा शिक्षा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
डॉ. सतीश कुमार वर्तमान में केजीएमयू के मेडिसिन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी चिकित्सा शिक्षा मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज से एमबीबीएस तथा किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ से एमडी (मेडिसिन) की उपाधि प्राप्त कर पूरी की। वर्ष 2013 में केजीएमयू से जुड़ने के बाद उन्होंने सीनियर रेजिडेंट के रूप में लगभग पांच वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं और 18 मार्च 2021 को एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर चयनित हुए।
डॉ. कुमार का शैक्षणिक एवं शोध कार्य चिकित्सा जगत में उल्लेखनीय रहा है। उनके 110 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं तथा विभिन्न चिकित्सा विषयों पर पुस्तक अध्यायों का लेखन भी किया है। उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 35 से अधिक शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। वे स्नातक एवं परास्नातक चिकित्सा विद्यार्थियों के शिक्षण, प्रशिक्षण, शोध गतिविधियों तथा रोगियों के उपचार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मेटाबॉलिक सिंड्रोम, मोटापा तथा अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूकता और इनके वैज्ञानिक प्रबंधन में उनकी विशेष रुचि है। वे विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलनों में व्याख्यान देने, वैज्ञानिक सत्रों की अध्यक्षता करने तथा चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहित करने में भी सक्रिय हैं।
डॉ. सतीश कुमार को इससे पूर्व भी विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा फेलोशिप और सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं। FRCP एडिनबर्ग की उपलब्धि उनके अकादमिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत के शिक्षकों, चिकित्सकों, सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
डॉ. सतीश कुमार ने इस सम्मान का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, वरिष्ठ चिकित्सकों, सहकर्मियों, विद्यार्थियों तथा केजीएमयू को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, बेहतर रोगी सेवा और समाज के स्वास्थ्य के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जित ज्ञान और अनुभव का लाभ देश के मरीजों, चिकित्सा विद्यार्थियों और युवा चिकित्सकों तक पहुंचे।
















