आस्था का महाकुंभ और व्यवस्था की कसौटी पर बटेश्वर
शंकर देव तिवारी
आगरा के यमुना तट पर स्थित ऐतिहासिक तीर्थ बटेश्वर एक बार फिर आस्था, संस्कृति और लोक परंपरा के महापर्व का साक्षी बन रहा है। देवप्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर जिस प्रकार हजारों संतों और श्रद्धालुओं ने शाही स्नान व परिक्रमा कर सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया, वह इस क्षेत्र की जीवंत आध्यात्मिक विरासत को दर्शाता है। 24 नवंबर को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर्व के साथ यह मेला अपने चरम पर होगा।
हालांकि, इस भव्य आयोजन के बीच बुनियादी व्यवस्थाओं की सुस्ती एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। मेला शुरू होने के बावजूद यमुना नदी पर पांटून पुल का निर्माण समय पर पूरा न हो पाना श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए बड़ी असुविधा का कारण बना है। प्रशासन द्वारा दो दिन में कार्य शुरू करने का आश्वासन जरूर दिया गया है, लेकिन प्रश्न यह है कि सदियों से निर्धारित तिथियों पर लगने वाले इस मेले के लिए पूर्व-तैयारियों में देरी क्यों होती है? इसी तरह, दूर-दराज के राज्यों से आए पशु व्यापारियों द्वारा प्रकाश व्यवस्था के अभाव की शिकायत भी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
एक ओर सरकार बटेश्वर धाम को करोड़ों रुपये की लागत से वैश्विक आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर मेले के दौरान मूलभूत सुविधाओं के लिए स्थानीय लोगों को ज्ञापन सौंपना पड़ रहा है। पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर बटेश्वर को स्थापित करने के लिए आवश्यक है कि केवल भव्य कॉरिडोर ही न बनें, बल्कि मेले के दौरान यातायात, स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था भी उतनी ही चाक-चौबंद हो।
आगामी मुख्य स्नान को देखते हुए प्रशासन को गोताखोरों की तैनाती, घाटों की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। बटेश्वर की गरिमा तभी अक्षुण्ण रह सकती है जब आस्था के इस सैलाब को सुगम और सुरक्षित वातावरण मिले।















