अजीतमल में करंट लगने से दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, खुले कूलर के तार ने ली जान, रिपोर्ट गौरव चौबे

अजीतमल में करंट लगने से दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, खुले कूलर के तार ने ली जान

औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के रतनीपुर भीखेपुर गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। कमरे की खिड़की के पास निकले कूलर के कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रतनीपुर भीखेपुर निवासी रोहताश गौतम गाजियाबाद में मजदूरी करते हैं। उनकी पत्नी अर्चना गौतम अपनी दो वर्षीय बेटी नियति और एक माह की दूसरी बेटी के साथ मायके में रह रही थीं।
बताया गया कि रविवार दोपहर घर का काम निपटाने के बाद अर्चना दोनों बेटियों के साथ कमरे में आराम कर रही थीं। कमरे की खिड़की के सहारे कूलर का बिजली का तार निकला हुआ था, जिसमें कट होने के कारण करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान खेल रही मासूम नियति का हाथ खिड़की से छू गया और वह करंट की चपेट में आ गई।
बच्ची की चीख सुनकर मां अर्चना की नींद खुली। उन्होंने तुरंत बच्ची को तार से अलग किया और परिजनों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिचौली रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि करंट लगने से बच्ची की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है

Leave a Comment