अवैध रूप से बेसमेंट में संचालित विद्या बाल क्लीनिक को दिया गया नोटिस, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
———————————–
एटा ! जिला अधिकारी अरविंद सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेंद्र प्रसाद के कड़े निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में अवैध व मानकों के विपरीत चल रहे चिकित्सा केंद्रों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज रविवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राम मोहन तिवारी, डॉ सुधीर मोहन, डा. एस.सी.नागर , प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी लोकमान सिंह की टीम ने ठंडी सड़क पर संचालित विद्या बाल क्लीनिक पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है।
जांच के दौरान विद्या बाल क्लीनिक में गंभीर अनियमितताएं और नियमों का उल्लंघन पाया गया:
बिना पंजीकरण संचालन:क्लीनिक के पास स्वास्थ्य विभाग का कोई वैध या सक्रिय पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) नहीं पाया गया, जो कि पूर्णतः गैर-कानूनी है।
बेसमेंट में संचालन: नियमों को ताक पर रखकर यह क्लीनिक बेसमेंट (तहखाने) में संचालित किया जा रहा था, जिससे वहां आने वाले मासूम बच्चों और मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को गंभीर खतरा बना हुआ था।
क्लीनिक संचालक को थमाया नोटिस:
इन गंभीर कमियों को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आदेश पर क्लीनिक के संचालक डॉ. श्रीनिवास यादव को तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया है। संचालक से तय समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है कि बिना पंजीकरण और बेसमेंट में क्लीनिक का संचालन किसके आदेश पर किया जा रहा था। संतोषजनक जवाब न मिलने पर क्लीनिक को सील करने और कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
> मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एटा का संदेश—-
> जनपद में किसी भी मरीज की जान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना पंजीकरण और मानकों के विपरीत चल रहे सभी अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा
@@@@@@@@@@@@@@
रिपोर्ट… दैनिक दीक्षित टाइम्स एटा / कासगंज
@@@@@@@@@@##









