*एटा-कासगंज नई रेल लाइन के लिए 24 किसानों को मिला 1.98 करोड़ का मुआवजा*
रिपोर्टर मौ0रियाज अब्बास
एटा 21 नवंबर 2026 एटा-कासगंज नई रेल लाइन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के साथ प्रभावित किसानों को मुआवजा वितरण भी तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को 24 किसानों के बैंक खातों में लगभग 1 करोड़ 98 लाख रुपये की प्रतिकर धनराशि आरटीजीएस एवं एनईएफटी के माध्यम से अंतरित की गई। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण के सापेक्ष किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध भुगतान कराया जा रहा है।परियोजना के लिए अर्जित भूमि के सापेक्ष प्रभावित कृषकों को मुआवजा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय नारायण सिंह के कार्यालय द्वारा निभाई जा रही है। इसी प्रक्रिया के तहत ग्राम रसूलपुर गढ़ोंली, श्योराई, हिम्मतनगर बझेड़ा, नगला फरीद, मुहम्मदपुर, न्योराई और नगला श्याम सहित विभिन्न गांवों के 24 किसानों को प्रतिकर धनराशि का भुगतान किया गया।एटा जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित सभी पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजे का भुगतान पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।नई रेल लाइन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के साथ मुआवजा वितरण की यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। प्रशासन का जोर है कि परियोजना से प्रभावित किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए प्रतिकर भुगतान की कार्रवाई नियमानुसार पूरी की जाए।















