*णमोकार महामंत्र से गूंजेगा मंदिर, नवग्रह युवक मंडल द्वारा आयोजनों के आमंत्रण पत्र का विमोचन*
*23 नवंबर को भक्तामर पाठ, संगीतमय आरती व ऑर्केस्ट्रा साथ प्रभु पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सजेगी भजन संध्या*
आगरा। सेक्टर-4B, आवास विकास कॉलोनी स्थित श्री 1008 प्रभु पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे आठ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत आगामी 23 नवंबर, सोमवार को भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार (21 नवंबर) को मंदिर प्रांगण में तैयारी के लिए नवग्रह युवक मंडल द्वारा आयोजित बैठक में जानकारी के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजनों के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया गया। इस दौरान नवग्रह युवक मंडल के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि विधान की आराधना के क्रम में 23 नवंबर को सायंकालीन सत्र की सभी व्यवस्थाएं नवग्रह युवक मंडल के तत्वावधान में संपन्न होंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय पार्षद संजू सिकरवार एवं अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। पदाधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम को मंदिर परिसर में भक्तिमय कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी, जो इस प्रकार है:
• शाम 6:00 बजे: णमोकार महामंत्र का 35 मिनट का सामूहिक पाठ।
• शाम 6:35 बजे: श्री भक्तामर स्तोत्र का पाठ।
• शाम 7:00 बजे: प्रभु की भव्य संगीतमय आरती।
• रात 8:00 बजे: ऑर्केस्ट्रा पार्टी के साथ भव्य भजन संध्या, जिसके समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रभावना की व्यवस्था रहेगी।
आयोजन समिति ने शहर के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। आमंत्रण पत्र का विमोचन करने वालों में मुख्य रूप से सर्वश्री सिद्धचक्र विधान के पुण्यार्जक परिवार से अशोक कुमार जैन (बर्तन वाले), मंदिर प्रबंध समिति सेक्टर-4B के अध्यक्ष अभय जैन, मंत्री सुशील कुमार जैन, अशोक जैन, मुकेश जैन सौरभ जैन एवं समस्त प्रबंधकारिणी नवग्रह युवक मंडल के अध्यक्ष संदेश जैन, मंत्री अभिषेक जैन, मयंक जैन, संयोजक प्रवीन जैन, मीडिया प्रभारी लक्की जैन, संतोष जैन एवं समस्त सदस्यगण तथा शाश्वत महिला मंडल, वधू मंडल सेक्टर-4B की पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय समाजजन उपस्थित रहे।















