*उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल का होगा विस्तार*
*युवा उद्यमियों के साथ महिलाओं को भी मिलेगी भागीदारी*
*जिला सम्मेलन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में संगठन की मजबूती और नए सदस्यों को जोड़ने पर बनी सहमति*
आगरा। उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल का जिला सम्मेलन आगामी दिनों में आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों और संगठन की भावी कार्ययोजना को लेकर जिला उद्योग व्यापार मंडल आगरा के बेलनगंज स्थित कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी मार्गदर्शक के रूप में शामिल हुए और संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल आगरा की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत नए युवा उद्यमियों, व्यापारियों और व्यवसाय से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा। साथ ही संगठन में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। ताकि उन्हें व्यापारिक गतिविधियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों में आगे आने का अवसर मिल सके।
जिला अध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसकी एकजुटता, सक्रियता और मजबूत सदस्यता होती है। युवा व्यापारी और उद्यमी संगठन की ऊर्जा हैं। अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं को साथ जोड़कर संगठन को मजबूत बनाया जाएगा, जिससे व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और उनके हितों की रक्षा करने में संगठन की भूमिका और सशक्त हो सके। उन्होंने कहा कि जिला सम्मेलन के माध्यम से संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल, राजकुमार गुरनानी, दीपक शर्मा, किशोर बुधरानी, रामकुमार गोयल, अनुराग गोयल, मेघराज दियालानी, ओमप्रकाश, अमित गर्ग, सुमित बंसल, बांके बिहारी अग्रवाल, महिला अध्यक्ष आशा अग्रवाल, अंकिता सोनी गुप्ता, पूजा जैन, मनीषा अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
















