*जिला स्वच्छता समिति एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए निर्देश*
*व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, सामुदायिक शौचालयों के संचालन एवं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था प्रभावी बनाने पर जोर*
*जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में लापरवाही पर पंचायत सचिवों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश*
एटा, 18 नवंबर 2026। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायतों से प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। सफाई कर्मचारियों को एसीपी का लाभ निर्धारित समय पर प्रदान किया जाए तथा सफाई व्यवस्था क्लस्टरवार निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने पर भुगतान समय से सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों एवं पंचायत सचिवों को मांग संबंधी विवरण समय से उपलब्ध कराने, व्यक्तिगत शौचालयों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण करने तथा लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर पेंडेंसी समाप्त करने के निर्देश दिए।
सामुदायिक शौचालयों के संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वहां तैनात केयरटेकर एवं अन्य कार्मिकों का मानदेय समय से भुगतान किया जाए। नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़े का समुचित निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। आरसीसी सेंटर पूरी क्षमता के साथ क्रियाशील रहें, उन्हें केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई कर्मचारियों के माध्यम से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्लास्टिक कचरे का समयबद्ध संग्रहण एवं निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
पंचायत सचिवों द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में लापरवाही बरतने तथा अनावश्यक विलंब किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि पंचायत सचिवों की बैठक कर उनके कार्यों की समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त लंबे समय से लंबित अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी अभिलाष बाबू, समस्त खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला स्वच्छता समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆🏻
















