*यूपी विधानसभा चुनाव 2027:कांग्रेस की 181 सीटों वाली मांग सूची से बढ़ी सपा मुखिया अखिलेश यादव की टेंशन,सामने आए नाम*
लखनऊ।उत्तर प्रदेश में 2027 में होने विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।विधानसभा चुनाव से पहले सीट शेयरिंग को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच अंदरखाने सुगबुगाहट तेज हो गई है।कांग्रेस द्वारा सपा को सौंपी गई शॉर्टलिस्टेड सीटों की एक सूची के लीक होने की खबर सामने आई है,हालांकि सपा और कांग्रेस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
*सपा सूत्रों के मुताबिक…*
सपा सूत्रों के मुताबिक़ यह सूची लगभग डेढ़ महीने पहले कांग्रेस की ओर से अखिलेश यादव को दी गई थी,जिसका खुलासा अब हुआ है।यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 181 सीटें चयन करके वही सूची सपा को सौंपी है। कांग्रेस ने कई उन सीटों की मांग की है,जहां सपा 2022 में जीतने में कामयाब रही है।कांग्रेस ने यूपी के अपने मौजूदा सांसद वाले इलाके में तीन से चार सीटों की मांग रखी है तो कुछ जिलों में दो से तीन सीटें। कई जिले ऐसे भी हैं,जहां पर कम से कम एक सीट पर चुनाव लड़ने का प्लान बनाया है। कांग्रेस की नजर दलित बहुल सीटों पर भी है।सीट शेयरिंग को लेकर सपा के साथ बातचीत में कांग्रेस इन सीटों की मांग कर सकती है।
*सपा की सीटिंग सीटों पर कांग्रेस की निगाह*
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने जिन सीटों की मांग की है,उसमें 22 सीटें ऐसी हैं,जिन पर सपा के विधायक हैं,इनमें से 4 सीटें ऐसे विधायकों की हैं,जो पार्टी छोड़कर जा चुके हैं,इनमें गौरीगंज से राकेश प्रताप सिंह,ऊंचाहार से मनोज पांडे और कालपी से विनोद चतुर्वेदी की सीटें शामिल हैं।इसके अलावा कांग्रेस ने मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट भी मांगी है,जिस पर सपा के पंकज मलिक विधायक हैं।लीक हुई सूची में वो सीटें भी शामिल हैं, जो पिछली बार सपा-रालोद गठबंधन के तहत रालोद ने जीती थीं।
*जानें किन विधानसभा क्षेत्रों पर है कांग्रेस का जोर*
कांग्रेस द्वारा मांगी गई विधानसभा सीटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटें प्रमुख रूप से शामिल हैं,इसके साथ ही कांग्रेस के परंपरागत गढ़ माने जाने वाले रायबरेली और अमेठी के साथ सहारनपुर,प्रयागराज,वाराणसी,देवरिया,गोरखपुर और बुंदेलखंड की ज्यादातर विधानसभा सीटों पर भी कांग्रेस ने दावा ठोका है।सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की इस मांग सूची का जातिगत और श्रेणीवार गणित इस प्रकार है।कांग्रेस ने जिन 181 विधानसभा सीटों की मांग रखी है,उसमें 135 विधानसभा सीटें सामान्य वर्ग की हैं।अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व वाली 45 विधानसभा सीटें और एक विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए रिजर्व है।कांग्रेस की नजर दलित-मुस्लिम और ब्राह्मण बहुल विधानसभा सीटों पर है।
*जानें कांग्रेस ने किस जिले की किस विधानसभा सीट पर ठोका दावा*
रायबरेली जिले की बछरावां,सरेनी,ऊंचाहार,सालोन और सदर,अमेठी जिले की तिलोई,गौरीगंज और जगदीशपुर,सीतापुर जिले की हरगांव,बिसवां,सीतापुर और मिश्रिख,सहारनपुर जिले की गंगोह,नकुड़,बेहट और देहात,प्रयागराज जिले की उत्तरी,पश्चिमी और करछना,बाराबंकी जिले की जैदपुर,दरियाबाद और रामनगर,वाराणसी जिले की पिंडरा,कैंट,रोहनिया,अजगरा और सेवापुरी,लखनऊ जिले की सरोजनीनगर,मलिहाबाद और बक्शी का तालाब,कानपुर जिले की कैंट,किदवई नगर, गोविंदनगर और घाटमपुर,आगरा जिले की खैरागढ़ और बाह,महाराजगंज जिले की फरेंदा और नौतनवा,कुशीनगर जिले की तमकुहीराज और फाजिलनगर,देवरिया जिले की रुद्रपुर और सलेमपुर,प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास और सदर,हरदोई जिले की बिलग्राम और मल्लावां,फतेहपुर जिले की बिंदकी,बलरामपुर जिले की उतरौला,गोंडा जिले की गौरा,सिद्धार्थनगर जिले की शोहरतगढ़,संतकबीरनगर जिले की खलीलाबाद,बांदा जिले की नरैनी,उन्नाव जिले की बांगरमऊ और बदायूं जिले की बिल्सी विधानसभा है।
*सपा-कांग्रेस गठबंधन पर टिकी हैं नजर*
भले ही सपा और कांग्रेस के नेता सार्वजनिक रूप से यह दावा कर रहे हैं कि गठबंधन तय है और आपसी सहमति से सब कुछ तय हो जाएगा,लेकिन कांग्रेस की तरफ से सीटों की यह सूची सामने आने के बाद सियासी गलियारों में यह सवाल उठने लगा है कि क्या इतनी आसानी से सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा हो पाएगा।अब सबकी नजर इस बात पर टिकी हैं कि सपा नेतृत्व इन विधानसभा सीटों के दावों पर क्या प्रतिक्रिया देता है और आगे की बातचीत किस दिशा में बढ़ती है। सपा और कांग्रेस की मंगलवार को औपचारिक रूप से सीट शेयरिंग की बैठक है,जिसे लेकर सपा और कांग्रेस के नेता अपनी-अपनी मांग रखेंगे,इससे पहले कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ यूपी कांग्रेस नेताओं की बैठक हो चुकी है। कांग्रेस ने तय किया है कि वह सम्मानजनक सीटों के साथ समझौता करेगी।
















