बी०एड० विभाग तथा गृह विज्ञान विभाग द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
आगरा। बी०डी० जैन गर्ल्स पी०जी०कॉलेज आगरा के बी०एड० विभाग तथा गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वाधान में छात्राओं की रचनात्मकता, कलात्मक अभिरुचि, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभागीय स्तर पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बी०एड० विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शुभलेश कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, सौंदर्य बोध, धैर्य, एकाग्रता एवं सृजनात्मकता का विकास करती है। उन्होंने सभी छात्राओं को प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को पहचान और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती प्रियंका रानी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रक्रिया की जानकारी देते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की सुंदर एवं आकर्षक मेहंदी डिजाइनों का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में उपस्थित प्रो० शुभलेश कुमारी, प्रो० किरन सिंह एवं डॉ० शिखा द्वारा डिजाइन की रचनात्मकता, स्वच्छता, सुंदरता व मौलिकता के आधार पर प्रतियोगियों का मूल्यांकन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता घोषित किया गया। जिसमें प्रथम स्थान-सर्वेश (बी०एड० प्रथम सेमेस्टर), द्वितीय स्थान-राखी (बी०एड० द्वितीय वर्ष), तृतीय स्थान शाहिद (बी०एड० प्रथम सेमेस्टर) को मिला। तथा अन्य प्रतिभागियों को भी उनके उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० वंदना अग्रवाल जी ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि यह शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक एवं बहुआयामी व्यक्तित्व के रूप में विकसित करने में सहायक होती है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल एवं डॉ प्रविशा पांडे एवं समस्त शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
















