*स्वैच्छिक शस्त्र समर्पण अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, अब तक 275 लाइसेंसधारियों ने समर्पित किए शस्त्र*
( तीन लाइसेंसधारियों ने जिलाधिकारी के समक्ष स्वेच्छा से समर्पित किए डबल एवं सिंगल बैरल गन के लाइसेंस )
एटा। जनपद में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को नागरिकों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में शस्त्र लाइसेंसों के स्वैच्छिक समर्पण की पहल के अंतर्गत अब तक जनपद के 275 लाइसेंसधारियों द्वारा अपने शस्त्र लाइसेंस स्वेच्छा से समर्पित किए जा चुके हैं।
इसी क्रम में आज जयपाल सिंह निवासी ग्राम मिलावली, थाना कोतवाली देहात ने अपनी सिंगल बैरल गन का लाइसेंस, जयवीर सिंह निवासी शाहपुर, थाना बागवाला ने अपनी डबल बैरल गन का लाइसेंस तथा आलोक सक्सेना निवासी दिनेश नगर, थाना कोतवाली नगर ने अपनी डबल बैरल गन का लाइसेंस जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के समक्ष स्वेच्छा से समर्पित कर दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन नागरिकों को अब शस्त्र रखने की आवश्यकता महसूस नहीं होती, वे अपनी स्वेच्छा से शस्त्र लाइसेंस समर्पित करने के लिए आगे आ सकते हैं। इच्छुक लाइसेंसधारियों को शस्त्र लिपिक मोहित(मोबाइल न.7300978443) द्वारा समर्पण की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वैच्छिक समर्पण से संबंधित प्राप्त प्रकरणों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शस्त्र लाइसेंस का स्वैच्छिक समर्पण नागरिकों की सामाजिक जिम्मेदारी, कानून के प्रति सम्मान और प्रशासन के प्रति विश्वास का प्रतीक है। प्रशासन का उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द का वातावरण बनाए रखना है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जिन लाइसेंसधारियों को अब शस्त्र रखने की आवश्यकता नहीं है, वे स्वेच्छा से लाइसेंस समर्पित कर इस सकारात्मक पहल में सहभागी बनें। प्रशासन और नागरिकों के पारस्परिक सहयोग एवं जनभागीदारी से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त एटा के संकल्प को और मजबूती प्रदान की जा सकती है ।
















