रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- अवर अभियंता के माध्यम से उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र। चतरवार (खेवंधा) विद्युत सब स्टेशन से जुड़े गोठानी, महलपुर, टापू, अगोरी खास, जुगैल, घटिहटा, गोसारी, देवखर, बड़गावा, फफरकुंड समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की लगातार कटौती और बार-बार रोस्टिंग से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। दिन हो या रात, बार-बार बिजली गुल होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी छात्रों, किसानों और छोटे दुकानदारों को उठानी पड़ रही है।
बिजली कटौती के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं किसान समय पर खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। बिजली पर निर्भर छोटे दुकानदारों और कारोबारियों का काम भी प्रभावित होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्धारित रोस्टिंग के अतिरिक्त भी कई बार विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है।
इस समस्या को लेकर सयूस के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार यादव ने ग्रामीणों के साथ अवर अभियंता के माध्यम से उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, अनावश्यक कटौती और रोस्टिंग को नियंत्रित करने तथा निर्धारित समय के अनुसार नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
वही प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि सोनभद्र बिजली उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण जिला है, लेकिन उत्पादन क्षेत्र के आसपास के ग्रामीणों को ही नियमित बिजली के लिए परेशान होना पड़े, यह चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर चतरवार (खेवंधा) सब स्टेशन से जुड़े सभी ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
इस प्रदर्शन में राजकुमार, राजेंद्र गिरी, दिनेश सोनी, रामसजीवन, पंकज शुक्ला, श्रवण, राकेश, संजय केशरी, मुकेश पाठक, अरविंद, धीरज, रत्नेश, दिलीप, अजय, अनिल, रामेश्वर आदि ग्रामीण उपस्थित रहें।
















