श्री जंगली बाबा धाम पर चल रहे हरिहरात्मक महायज्ञ पूर्णाहुति व विशाल भंडारे के साथ संपन्न, भक्तिमय रहा माहौल
गड़वार(बलिया)
श्री जंगली बाबा धाम ट्रस्ट,गड़वार पर पूज्यपाद संत शिरोमणि श्री जंगली बाबा परिनिर्वाण शताब्दी महामहोत्सव के अवसर पर 28 अक्टूबर से चल रहे 54 कुंडीय हरिहरात्मक महायज्ञ की पूर्णाहुति हवन एवं विशाल भंडारे के साथ शनिवार को संपन्न हो गया। विशाल भंडारे में हज़ारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। प्राचीन धार्मिक स्थल गड़वार में पूज्यपाद संत शिरोमणि श्री जंगली बाबा के परिनिर्वाण शताब्दी महामहोत्सव के अवसर पर आयोजित इस यज्ञ में प्रदेश सहित जनपद के श्रद्धालु भक्तजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया तथा यज्ञ में सहभागिता निभाई।यज्ञ स्थल पर प्रतिदिन सुबह से धार्मिक अनुष्ठान और हवन-पूजन किए गए। वहीं वृन्दावन से पधारे अन्तर्राष्ट्रीय रामकथा वाचक चिन्मयानंद जी महाराज के मुखारविंद से रामकथा का श्रद्धालु भक्तों ने रसपान किया साथ ही वृन्दावन धाम से पधारे अन्तर्राष्ट्रीय कथा वाचक पुंडरीक गोस्वामी द्वारा कृष्ण कथा सुनाकर भक्तों को निहाल कर दिया। कथा के दौरान सुमेरू पीठाधीश्वर शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती ने अपने अमृतवाणी से भक्तों को सनातन धर्म व गो-संरक्षण के बारे में जागरुक किया। श्री जंगली बाबा धाम सेवा ट्रस्ट के संयोजक पंडित राहुल उपाध्याय ने बताया कि श्री जंगली बाबा के महानिर्वाण दिवस के सौ वर्ष पूरा होने पर 54 कुंडीय हरिहरात्मक महायज्ञ का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हो गया। वहीं महायज्ञ में पधारे विद्वान पंडितों,साधु-संतों को अंगवस्त्र,स्मृति चिह्न देकर विदाई की गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी हितेश कुमार अपने दल-बल के साथ शांति व्यवस्था कायम रखी।
















