WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

विश्व स्वतंत्रता दिवस:  आज़ादी की वह लौ, जो कभी बुझती नहीं! दीवारें गिरती हैं, सल्तनतें मिटती हैं, लेकिन इंसान की आज़ादी की चाह कभी दम नहीं तोड़ती

विश्व स्वतंत्रता दिवस:

आज़ादी की वह लौ, जो कभी बुझती नहीं!

दीवारें गिरती हैं, सल्तनतें मिटती हैं, लेकिन इंसान की आज़ादी की चाह कभी दम नहीं तोड़ती।

___________________________

बृज खंडेलवाल द्वारा

9 नवंबर 2026

_____________________________

महात्मा गांधी के लिए स्वराज का अर्थ केवल विदेशी हुकूमत से मुक्ति नहीं था। इसका असली मतलब था अपने ऊपर खुद शासन करना। अपनी जिंदगी, अपने विचारों और अपने फैसलों पर अपना अधिकार रखना। गांधीजी का यह दर्शन आज भी एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। क्या हम सचमुच आज़ाद हैं? क्या आज़ादी का मतलब सिर्फ विदेशी शासक का चले जाना है? क्या हमारी सोच, हमारी पसंद और हमारी निजता भी स्वतंत्र हैं?

__________________________

कल्पना कीजिए। कड़ाके की ठंड है। रात का अंधेरा है। चारों तरफ रोशनी में नहाई एक ऊँची दीवार खड़ी है। अचानक एक हथौड़ा उठता है और कंक्रीट पर चोट पड़ती है। फिर दूसरी, तीसरी और लगातार कई चोटें। एक तरफ खड़ी बुजुर्ग महिला दीवार के टूटे हिस्से से हाथ बढ़ाती है। अट्ठाईस साल बाद वह पहली बार अपनी बहन का चेहरा छू रही है। दोनों की आँखें भर आती हैं। लोग गले मिल रहे हैं, गा रहे हैं और खुशी से झूम रहे हैं।

यह 9 नवंबर, 1989 की रात थी। बर्लिन की दीवार टूट रही थी। लेकिन असल में टूट रहा था डर, दमन और इंसान को कैद रखने का अहंकार। एक दीवार के गिरने के साथ इतिहास ने करवट ली। लोगों ने सिर्फ रास्ता नहीं पाया, अपनी जिंदगी वापस हासिल की।

इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर साल 9 नवंबर को विश्व स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। यह दिन मध्य और पूर्वी यूरोप में साम्यवादी शासन के पतन की याद भी दिलाता है। मगर आज़ादी का अर्थ बर्लिन की दीवार तक सीमित नहीं है। यह इंसान की सबसे पुरानी ख्वाहिश है। सदियों से राजा बदले, सल्तनतें बदलीं, हुकूमतों के रंग बदले, लेकिन आज़ाद रहने की चाह कभी नहीं बदली।

इतिहास के पन्ने पलटिए। हर दौर में आज़ादी की यह चिंगारी शोला बनकर उठी है। अपनी पुस्तक सोशलिज्म एंड पावर में स्वर्गीय सच्चिदानंद सिंहा ने पिछले 500 वर्षों में हुए अनेकों आजादी के आंदोलनों का विश्लेषण किया है। नीदरलैंड के लोगों ने स्पेन के राजतंत्र के खिलाफ बगावत की। अमेरिका में 1775 में उपनिवेशों ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी। उनका ऐलान था कि सत्ता जनता से पैदा होती है, जनता पर थोपी नहीं जाती।

हैती की कहानी तो और भी शानदार है। 1791 से 1804 तक गुलाम बनाए गए लोगों ने साम्राज्यवादी ताकतों को ललकारा। उन्होंने कोड़े, जंजीरें और गुलामी की बेड़ियाँ तोड़ दीं। दुनिया का पहला अश्वेत गणराज्य बना। यह इतिहास का ऐसा जवाब था, जिसने नस्ल और रंग के आधार पर श्रेष्ठता का दावा करने वालों को चुनौती दी।

दक्षिण अमेरिका में सिमोन बोलिवार और जोस दे सैन मार्टिन ने आज़ादी का परचम फहराया। यूनानियों ने उस्मानी शासन के खिलाफ संघर्ष किया। भारत में लाखों लोगों ने सत्याग्रह, जेल यात्राओं, बहिष्कार और कुर्बानियों के जरिए ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी। करीब दो सौ साल का राज आखिरकार 1947 में खत्म हुआ।

वियतनाम ने डिएन बिएन फू में फ्रांसीसी सेना को शिकस्त दी। अल्जीरिया ने आठ वर्षों के खूनी संघर्ष के बाद आज़ादी हासिल की। दक्षिण अफ्रीका में नेल्सन मंडेला और लाखों लोगों ने रंगभेद के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी। जेलें, यातनाएँ और निर्वासन भी उनके हौसले नहीं तोड़ सके।

1971 में पूर्वी पाकिस्तान के लोगों ने अपने वोट और अधिकारों से इनकार किए जाने के खिलाफ विद्रोह किया। नौ महीने के भीषण संघर्ष और अपार कुर्बानियों के बाद बांग्लादेश का जन्म हुआ। भाषा, पहचान और सम्मान की यह लड़ाई दुनिया के इतिहास में दर्ज हो गई।

1989 में पोलैंड के ग्दांस्क से लेकर प्राग के चौकों तक आम नागरिक सड़कों पर उतर आए। मजदूर, विद्यार्थी, पादरी और बुद्धिजीवी हाथों में मोमबत्तियाँ लेकर टैंकों के सामने खड़े हुए। जिन सरकारों को लगता था कि उनका राज हमेशा चलेगा, वे देखते-देखते बिखर गईं।

इन सभी संघर्षों का तरीका एक जैसा नहीं था। कहीं हथियार उठे, कहीं अहिंसा ने ताकत दिखाई। कहीं लोकतंत्र मजबूत हुआ, तो कहीं आज़ादी के बाद भी मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। लेकिन सबके पीछे एक ही भावना थी। कोई इंसान किसी बादशाह, तानाशाह, फौजी जनरल या विचारधारा की निजी जागीर नहीं हो सकता।

आज चुनौती बदल गई है। अब गुलामी हमेशा वर्दी पहनकर नहीं आती।

पुराने जमाने के तानाशाहों को पुलिस, जेल, मुखबिर और सरकारी प्रचार की जरूरत पड़ती थी। आज नियंत्रण का तरीका ज्यादा महीन और आकर्षक हो गया है। अब एल्गोरिदम तय करते हैं कि हम क्या देखें, क्या पढ़ें और किस खबर पर भरोसा करें। हमारी पसंद, आदतें और बातचीत तक पर नजर रखी जा सकती है।

पब्लिक कमेंटेटर प्रोफ पारस नाथ चौधरी कहते हैं, “मोबाइल फोन हमारी जेब में है, लेकिन निगरानी का पूरा तंत्र हमारी जिंदगी में घुस चुका है। बड़ी कंपनियाँ और सरकारें हमारे डिजिटल व्यवहार का हिसाब रखती हैं। यह नया बिग ब्रदर आधी रात को दरवाजा नहीं खटखटाता। वह मुस्कराते हुए आता है। सुरक्षा, सुविधा और तरक्की का वादा करता है।”

 

सामाजिक कार्यकर्ता मुक्ता गुप्ता पूछती हैं, “सवाल यह है कि हमारी जिंदगी के फैसले कौन कर रहा है? अगर मशीनें हमारी पसंद तय करने लगें, हमारी सोच को दिशा देने लगें और हमारी निजता पर कब्जा कर लें, तो आज़ादी का मतलब क्या रह जाएगा?”

खतरा यह नहीं कि मशीनें हमें जंजीरों में बाँध देंगी। असली खतरा यह है कि हम खुद अपनी आज़ादी छोड़ देंगे और हमें इसका अहसास भी नहीं होगा। धीरे-धीरे निगरानी सामान्य लगने लगेगी। हमारी पसंद किसी दूसरे के बनाए सिस्टम का नतीजा बन जाएगी। हम आज़ाद नागरिक कम और डेटा के आंकड़े ज्यादा बन जाएंगे।

इतिहास गवाह है कि आज़ादी कभी थाली में परोसकर नहीं मिलती। इसके लिए संघर्ष करना पड़ता है। इसे बचाना पड़ता है और जरूरत पड़ने पर फिर हासिल करना पड़ता है। आज की पीढ़ी के सामने भी यही चुनौती है, और इस वक्त समूचा यूरोप इसी आग से सुलग रहा है।

पुणे के एक्टिविस्ट टी जोशी के मुताबिक “तकनीक हमारी मददगार बने, मालिक नहीं। सरकारें जनता की सेवक रहें, मालिक नहीं। नागरिकों की निजता और अभिव्यक्ति की आज़ादी से कोई समझौता न हो।”

बर्लिन की दीवार गिराने वालों ने दुनिया को एक सबक दिया था। कोई भी दीवार इंसान की आज़ादी की चाह से ऊँची नहीं हो सकती।

आज़ादी की लौ सदियों से जल रही है। सवाल सिर्फ इतना है कि क्या हम इसे बुझने से बचाने का हौसला रखते हैं?

Leave a Comment