रिपोर्ट: राम आसरे
- वाराणसी रोड पर कनिहार, चित्रकूट-रीवा रोड पर लेप्रसी चौराहे के पास तथा लखनऊ रोड पर फाफामऊ में बस अड्डे बनाए जाएंगे। इन बस अड्डों से शहर के विभिन्न हिस्सों तक यात्रियों के आवागमन के लिए सिटी बसों की व्यवस्था की जाएगी।
- मालवीय पार्क (मिंटो पार्क) का वन विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए नगर निगम द्वारा जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव कराया जाएगा।
- श्रमिकों की सुविधा के लिए प्रथम चरण में राजापुर, नैनी एवं रामबाग में लेबर अड्डे विकसित किए जाएंगे। राजापुर लेबर अड्डे का शुभारंभ नवंबर माह के अंत तक किया जाएगा।
- वायु प्रदूषण कम करने एवं AQI में सुधार के लिए नगर निगम द्वारा सड़कों के किनारे जमा कूड़े एवं मिट्टी को हटाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
प्रयागराज। शहर को जाममुक्त, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर एवं सुगम करने, ट्रैफिक कंजेशन कम करने, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण तथा श्रमिकों के लिए व्यवस्थित सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से आज मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने नगर आयुक्त श्री साई तेजा एवं उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण श्री ऋषिराज के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शहर के समग्र सौंदर्यीकरण एवं शहरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दृष्टिगत विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा संबंधित अधिकारियों को इनके समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
शहर को ट्रैफिक कंजेशन से मुक्त करने तथा बाहरी क्षेत्रों से आने वाली बसों के आवागमन को अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाने के दृष्टिगत तीन प्रमुख दिशाओं में नए अंतरजनपदीय बस अड्डे विकसित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत वाराणसी की ओर से आने वाली बसों के लिए कनिहार में, चित्रकूट एवं रीवा रोड की ओर से आने वाली बसों के लिए लेप्रसी चौराहे के पास तथा लखनऊ रोड से आने वाली बसों के लिए फाफामऊ में बस अड्डे विकसित किए जाएंगे। इस संबंध में नगर निगम द्वारा तीनों स्थानों पर भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है तथा अग्रेतर कार्यवाही के लिए रोडवेज को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। इन बस अड्डों से शहर के विभिन्न हिस्सों तक यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सिटी बसों की व्यवस्था की जाएगी। इस व्यवस्था से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने तथा आवागमन को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
इसी क्रम में शहर के ऐतिहासिक मालवीय पार्क (मिंटो पार्क) के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। वन विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए नगर निगम द्वारा इस पार्क का समुचित जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव कराया जाएगा। इसके लिए वन विभाग एवं डीएफओ के स्तर से आवश्यक समन्वय एवं औपचारिक कार्यवाही की जाएगी। नगर निगम द्वारा पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ ही इसके नियमित रखरखाव एवं बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे इस सार्वजनिक स्थल को और अधिक आकर्षक एवं नागरिकों के उपयोग के लिए सुविधाजनक बनाया जा सके।
शहर में श्रमिकों की सुविधा एवं उनके लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के दृष्टिगत शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में प्रथम चरण में राजापुर, नैनी एवं रामबाग में तीन लेबर अड्डे विकसित किए जा रहे हैं। इनमें राजापुर स्थित लेबर अड्डे का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है तथा नवंबर माह के अंत तक इसका शुभारंभ कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन लेबर अड्डों के विकसित होने से श्रमिकों को व्यवस्थित स्थान एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी तथा शहर में विभिन्न स्थानों पर अनियोजित रूप से लगने वाले श्रमिक जमावड़ों को भी व्यवस्थित किया जा सकेगा।
शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने तथा एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सुधार लाने के लिए भी विशेष कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत नगर निगम द्वारा सड़कों के किनारे जमा कूड़े एवं मिट्टी को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सड़कों के किनारे जमा मिट्टी एवं कूड़े के कारण वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित सफाई एवं कूड़े का उठान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे धूल के कणों को कम करने के साथ ही शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।
मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में लिए गए निर्णयों पर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुगम एवं नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।















