रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफहै सोनभद्र)
चोपन, सोनभद्र। रेल कर्मचारी इंटरमीडिएट कॉलेज चोपन में गांधी जयंती एवं लालबहादुर शास्त्री जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक उमेश सिंह ने महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं ध्वजारोहण कर की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्राओं ने राष्ट्रगान एवं सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति देकर वातावरण को देशभक्ति एवं आध्यात्मिक भाव से भर दिया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने महात्मा गांधी तथा लालबहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता आंदोलन में नई दिशा दी, वहीं लालबहादुर शास्त्री ने अपने अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति से देशवासियों में स्वतंत्रता में तथा भुखमरी से निजात पाने हेतु जय जवान जय किसान का नारा दिए। दोनों महापुरुषों का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं सामान्य ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनरल नॉलेज प्रतियोगिता आयोजित कराने की घोषणा की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल से विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी बौद्धिक क्षमता को विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। छात्र-छात्राओं में भी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों एवं उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रबंधक कपिल देव, कोषाध्यक्ष राकेश चौरसिया एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।















