रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- सलाईबनवा रेलवे स्टेशन के समीप बीती रात हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
चोपन (सोनभद्र)। थाना चोपन क्षेत्र अंतर्गत सलाईबनवा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है, जो अपने रिश्तेदार के घर घूमने आई थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुद्धी थाना क्षेत्र के ग्राम गुलालझरिया निवासी देवधारी गोंड की पुत्री कुमारी अनिता (18 वर्ष) चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पनारी, टोला निगा स्थित अपने रिश्तेदार रामलाल गोंड के घर आई हुई थी। परिजनों के मुताबिक, अनिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
बीती रात (गुरुवार) करीब 11 बजे अनिता अचानक घर से निकलकर सलाईबनवा रेलवे स्टेशन के पास रेल लाइन पर पहुंच गई। इसी दौरान वह वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे कटकर मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को मृतका के पिता देवधारी गोंड ने चोपन थाने पहुंचकर घटना के संबंध में लिखित तहरीर दी।
सूचना मिलते ही चोपन पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित लोढ़ी मर्चरी हाउस भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।















