*राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने एटा में विभिन्न संस्थानों का किया निरीक्षण, महिलाओं की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश*
*महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
*एटा, 23 नवम्बर 2026 (सू0वि0)।* मा0 सदस्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग रेनू गौड़ द्वारा आज जनपद एटा का भ्रमण कर विभिन्न संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। भ्रमण के दौरान उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम रेनू गौड़ द्वारा असरौली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर संचालित गतिविधियों, बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में माननीय सदस्य द्वारा महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए उनका त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय से न्याय एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध हो सके।
तत्पश्चात माननीय सदस्य द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), निधौली कलां का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, दवाओं एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।
भ्रमण के अंतिम चरण में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, निधौली कलां का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा विद्यालय में बालिकाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
माननीय सदस्य ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा सभी संबंधित संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अजयपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह, शीतलपुर ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक जाग्रति चतुर्वेदी, महिला थानाध्यक्ष नीतू वर्मा, नीता माहेश्वरी, मधु दुबे सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।















