WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

नगरीय निकायों में राजस्व वृद्धि के साथ स्वच्छता, प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर दें विशेष ध्यान: जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली, रिपोर्ट अनिल सोलंकी

*नगरीय निकायों में राजस्व वृद्धि के साथ स्वच्छता, प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर दें विशेष ध्यान: जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली*

 

*अतिक्रमण हटाकर वेंडरों को निर्धारित स्थलों पर व्यवस्थित करें, अवैध कब्जों के विरुद्ध चलाएं अभियान*

 

*प्रतिबंधित पॉलीथिन के विरुद्ध छापेमारी, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं लंबित जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश*

 

एटा, 24 नवम्बर 2026 (सू0वि0)। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों एवं डूडा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में राजस्व वृद्धि, स्वच्छता, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नगरीय निकाय अपनी आय बढ़ाने के लिए राजस्व के नए स्रोत तलाशें। नए भवनों को भी कर निर्धारण के दायरे में लाया जाए तथा विज्ञापन से होने वाली आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। नगर निकायों की बोर्ड बैठकें निर्धारित समय पर आयोजित की जाएं। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुपरवाइजरों के माध्यम से कराने तथा प्रत्येक निकाय में सेक्टर एवं जोन निर्धारित कर सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। कूड़ा स्थलों को चिह्नित कर समय से कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

उन्होंने नालों एवं नालियों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने तथा पेयजल आपूर्ति से पूर्व क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मार्ग प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि खराब एवं क्षतिग्रस्त स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराया जाए। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों से संबंधित कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय सीमा में प्रमाण पत्र जारी किए जाएं।

जिलाधिकारी ने प्रतिबंधित पॉलीथिन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने, इनके गोदामों पर छापेमारी करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कपड़े एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। नगरीय निकायों की सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि से अवैध कब्जे हटाने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण की समस्या के समाधान के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि वेंडरों को चिह्नित कर उनके लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित किया जाए तथा उन्हें व्यवस्थित ढंग से स्थापित किया जाए, जिससे बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारु रहे और आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। नगरीय निकायों की परिसंपत्तियों का रजिस्टर सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने तथा उनका नियमानुसार सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए फूल-पौधों एवं हरियाली की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। व्यापार मंडल की ओर से प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के संबंध में प्राप्त प्रस्तावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।

डूडा विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का नगरीय निकायों द्वारा समय से सत्यापन कर आख्या उपलब्ध कराने को कहा। पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर समय से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शुक्रवार को योजना की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत चिह्नित बस्तियों में आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं। उन्होंने नगरीय निकायों की गौशालाओं के माध्यम से आय बढ़ाने की संभावनाओं पर भी कार्य करने तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों से संबंधित लंबे समय से लंबित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नगरीय निकायों से संबंधित जनसमस्याओं के निस्तारण, नागरिक सुविधाओं में सुधार एवं शासन की यू जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए धरातल पर कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह ,डूडा विभाग से सुभाष वीर राजपूत सहित समस्त नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला सूचना कार्यालय, एटा।

Leave a Comment