*भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का स्वगणना के साथ शुभारंभ, जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वयं की स्वगणना*
( 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, 01 दिसंबर से 04 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक )
एटा !
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का आज 16 नवंबर से स्वगणना के साथ शुभारंभ हो गया। जनपद मुख्यालय पर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी एम. अरुन्मोली ने कलेक्ट्रेट परिसर में जनगणना-2027 के संदेश को प्रदर्शित करती आकर्षक रंगोली के समक्ष खड़े होकर स्वगणना के महत्व एवं इसकी प्रक्रिया के संबंध में आमजन को जागरूक किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं अपनी स्वगणना की तथा कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भी स्वगणना का कार्य कराया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर के मध्य अपनी स्वगणना अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। स्वगणना पूरी होने के बाद प्राप्त होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट आईडी को सुरक्षित रखें, ताकि घर पर प्रगणक के पहुंचने पर उन्हें यह आईडी उपलब्ध कराकर अपनी जनगणना प्रक्रिया को पूर्ण कराया जा सके।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र तथा जिला जनगणना अधिकारी सी.पी. पाठक ने भी अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आज ही स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए अपनी 11 अंकों की आईडी सुरक्षित कर लें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी स्वगणना के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना की अवधि समाप्त होने के बाद 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान निर्धारित सभी 40 प्रश्नों के संबंध में परिवारों से सटीक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई, जिससे जनगणना का कार्य शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।
कलेक्ट्रेट परिसर में बनाई गई आकर्षक रंगोली के माध्यम से भारत की जनगणना-2027 का संदेश प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। जिलाधिकारी ने जनगणना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “भारत की जनगणना से जनकल्याण होगा”। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट परिसर में जनगणना-2027 के संदेश को प्रदर्शित करती रंगोली का संयोजन मास्टर ट्रेनर संजय शर्मा एवं रजत पाल सिंह के साथ राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक बिम्बिसार बौद्ध, विवेक कुलश्रेष्ठ एवं जितेंद्र वीर सिंह द्वारा किया गया।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वगणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं और राष्ट्रीय जनगणना अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
















