रिपोर्ट सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- 340 लीटर चोरी का डीजल बरामद, चोरी में प्रयुक्त उपकरण और ड्रम भी जब्त।
चोपन/सोनभद्र. – जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस ने डीजल चोरी कर एकत्रित करने और बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 340 लीटर चोरी का डीजल और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में चोपन पुलिस ने 4 नवंबर की रात करीब 11:43 बजे डाला स्थित हार्ड मिक्स प्लांट के पास छापेमारी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिव कुमार विश्वकर्मा (28 वर्ष) पुत्र भूषण विश्वकर्मा, निवासी ग्राम मानपुर, जिला मधेपुर, बिहार तथा प्रहलाद पाण्डेय (29 वर्ष) पुत्र उमेशचन्द्र पाण्डेय, निवासी ग्राम सरसौल, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में हार्ड मिक्स प्लांट, डाला चढ़ाई क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 340 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया। इसके साथ ही 200 लीटर क्षमता के दो खाली प्लास्टिक ड्रम, एक लोहे का ड्रम, चार प्लास्टिक की बाल्टियां, तेल कुप्पी, लूज पाइप, ट्रक की टंकी के दो ढक्कन और एक ट्रक का फिल्टर भी बरामद किया गया।
इस मामले में थाना चोपन पर मु0अ0सं0 415/26 के तहत धारा 287, 303(2), 317(2) एवं 317(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, अपराध निरीक्षक राजेश यादव, चौकी प्रभारी डाला संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विनोद यादव, रामज्ञान सिंह यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।















