रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
- असम में आयोजित होने वाले टूर्नामेंट में करेंगे काशी विद्यापीठ का प्रतिनिधित्व
- एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर के छात्र ने टॉप-5 खिलाड़ियों में बनाई जगह
शक्तिनगर (सोनभद्र)। सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चकिया (चंदौली) में आयोजित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की अंतर-महाविद्यालयीय टेबल टेनिस (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता में एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर के छात्र अमृत लाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय टीम में स्थान पक्का कर लिया है। उनका चयन विश्वविद्यालय के शीर्ष पांच (टॉप-5) खिलाड़ियों में किया गया है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अमृत लाल अब अगले माह असम में आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालय (पूर्वी क्षेत्र) टेबल टेनिस प्रतियोगिता में काशी विद्यापीठ का प्रतिनिधित्व करेंगे। छात्र की इस उपलब्धि पर परिसर प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि अमृत लाल काशी विद्यापीठ के एनटीपीसी परिसर में स्नातक स्तर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार तथा समाजशास्त्र विषय के छात्र हैं। अपनी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए अमृत लाल ने इसका श्रेय अपने प्राध्यापकों को दिया। उन्होंने कहा, “पत्रकारिता के शिक्षक डॉ. छोटे लाल प्रसाद एवं समाजशास्त्र के शिक्षक डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय का मुझे निरंतर मार्गदर्शन और हर स्तर पर सहयोग मिलता रहा है। गुरुजनों की प्रेरणा के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।”
छात्र के चयन पर परिसर के शिक्षकों, कर्मचारियों और सहपाठियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।















