रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ -सोनभद्र)
- सोनभद्र से मध्यप्रदेश तक फैला है व्यापारिक नेटवर्क; किसान सशक्तीकरण और ग्रामीण विकास के प्रयासों को मिलेगी नई मजबूती
सोनभद्र। पूर्वांचल के औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्र में अपनी पहचान रखने वाले मिर्जापुर जनपद के उद्यमी श्री देवेंद्र कुमार दुबे को तेजस्वी संगठन न्यास का आजीवन न्यासी एवं संरक्षक सदस्य नियुक्त किया गया है। उनके संगठन से जुड़ने को न्यास की सामाजिक गतिविधियों, संस्थागत विस्तार तथा ग्रामीण विकास के प्रयासों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
श्री देवेंद्र कुमार दुबे ट्रांसफार्मर निर्माण कंपनी के संचालक हैं। वे पूर्व में पूर्वांचल क्षेत्र में विद्युत विभाग से संबंधित कार्यों में प्रतिष्ठित ठेकेदार के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनका व्यापारिक नेटवर्क सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, गाजीपुर, जौनपुर एवं वाराणसी सहित मध्यप्रदेश तक विस्तृत है। औद्योगिक, विद्युत एवं व्यापारिक क्षेत्र में उनके अनुभव और व्यापक संपर्कों से संगठन को विस्तार देने में सहयोग मिलने की उम्मीद है।
वर्ष 2012 से सामाजिक सरोकारों के लिए सक्रिय तेजस्वी संगठन न्यास किसान सशक्तीकरण, ग्रामीण विकास, युवाओं के उत्थान एवं जनकल्याण के लिए कार्य कर रहा है। न्यास की प्रमुख पहल तेजस्वी किसान मार्ट के माध्यम से किसान उत्पादक संगठनों, किसान उत्पादक कंपनियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को उत्पाद विकास, प्रसंस्करण, ब्रांड निर्माण तथा बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन का उद्देश्य किसानों और ग्रामीण उत्पादकों को आत्मनिर्भर बनाते हुए गांवों में रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर बढ़ाना है।
संरक्षक सदस्य के रूप में श्री दुबे संगठन को अपने औद्योगिक एवं व्यावसायिक अनुभव से मार्गदर्शन देंगे। उन्हें विशेष सलाहकार समूह में स्थान तथा न्यास से संबद्ध संस्थागत गतिविधियों में महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
न्यास के संस्थापक ई. प्रकाश पाण्डेय ने इस नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि श्री दुबे का अनुभव, व्यावसायिक संपर्क और मार्गदर्शन किसान सशक्तीकरण तथा ग्रामीण विकास के प्रयासों को नई दिशा देने में सहायक होगा। न्यास के प्रबंधक न्यासी ई. अभिषेक मिश्रा ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में उनके योगदान की आशा व्यक्त की।
















