*जिला गंगा, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने दिए प्रभावी निर्देश*
*रोपित पौधों की सिंचाई एवं सुरक्षा सुनिश्चित करें, गंगा उत्सव के प्रतिभागियों को करें प्रोत्साहित*
*ईशन एवं काक नदी के पुनरुद्धार हेतु विभिन्न विभागों की संयुक्त कमेटी गठित होगी बंदरों को पकड़ने का अभियान तत्काल शुरू करने के निर्देश*
एटा, 12 नवम्बर। जिला गंगा, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समिति की बैठक जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, गंगा एवं ईशन नदी के संरक्षण तथा नगरीय क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं के प्रभावी निस्तारण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई एवं समुचित सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि रोपित पौधों को संरक्षित कर उनका जीवित रहना सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने गंगा उत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने तथा जनसहभागिता के माध्यम से नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
ईशन नदी के पुनरुद्धार एवं संरक्षण के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सिंचाई, वन, पंचायती राज सहित संबंधित विभागों को सम्मिलित करते हुए एक संयुक्त समिति गठित की जाए, जो नदी के पुनरुद्धार के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों तथा खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से संपादित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में बंदरों की समस्या के दृष्टिगत सभी नगर निकायों को तत्काल बंदर पकड़ने का अभियान प्रारंभ करने के निर्देश इसके साथ ही निर्धारित स्थलों पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा संबंधित पोर्टल पर सभी सूचनाओं की फीडिंग निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा,जिला गंगा समिति के आर्यन गौड़ सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी,अधिशासी अधिकारी नगरीय निकाय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆🏻













