*आईजीआरएस एवं सीएम डैशबोर्ड पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें अधिकारी: जिलाधिकारी*
——————————————
*असंतुष्ट फीडबैक पर विशेष ध्यान दें, शिकायतकर्ता से स्वयं संपर्क कर निस्तारण की जानकारी साझा करें*
——————————————–
*सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के लिए समयबद्ध डाटा फीडिंग सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई*
*एटा, 12 नवम्बर 2026(सू0वि0)।* आईजीआरएस एवं सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा विभिन्न विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित रैंकिंग की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए कहा कि असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होने का प्रमुख कारण यह है कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से स्वयं संपर्क नहीं करते तथा शिकायत के निस्तारण के बाद उन्हें की गई कार्रवाई की जानकारी भी साझा नहीं करते। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के रूप में न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण के लिए अंतिम दिन का इंतजार न करें। संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच एवं निरीक्षण करें तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी देते हुए तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करें। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी को छात्रवृत्ति से संबंधित डाटा समय से पोर्टल पर फीड कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को 102 एवं 108 एंबुलेंस की उपलब्धता समय से सुनिश्चित कराने तथा जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों का भुगतान समयबद्ध ढंग से कराने के निर्देश दिए। जिला दुग्ध विकास अधिकारी को दुग्ध समितियों का गठन तत्काल पूर्ण कराने को कहा।
उन्होंने जल जीवन मिशन ग्रामीण के अंतर्गत पोर्टल पर डाटा फीडिंग समय से न होने के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को फीडिंग का कार्य तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्वाचन से पूर्व परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत शेष कार्यों को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने को कहा, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे।
जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा अधिकारी को अंडा उत्पादन में प्रगति सुधारने तथा मत्स्य विभाग, बाल विकास विभाग, उद्योग विकास विभाग एवं समाज कल्याण विभाग को अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति और रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी निर्धारित समय पर पोर्टल पर डाटा फीडिंग सुनिश्चित करें। निदेशालय स्तर से सीएम डैशबोर्ड पर जोड़ी जाने वाली नई योजनाओं एवं नए पैरामीटर की जानकारी से भी अपडेट रहें, ताकि किसी भी विभाग की लापरवाही से जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो।
बैठक में पूर्व में सूचना दिए जाने के बावजूद प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई हेतु मंडलायुक्त को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अविरल तिवारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि, विकास योजनाओं से संबंधित अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।












