WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

भाई के माथे पर तिलक, आंखों में स्नेह और दिल में दुआ, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

भाई के माथे पर तिलक, आंखों में स्नेह और दिल में दुआ… भाई दूज पर जीवंत हुआ रिश्तों का अपनापन,यमराज और यमुना के पवित्र प्रेम से जुड़ी है पर्व की परंपरा, सुबह से ही पीहर पहुंचीं बहनों ने भाइयों का किया तिलक

 

कागारौल /आगरा । भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे अनमोल रिश्तों में से एक है। कभी बचपन की नोकझोंक, कभी रूठना-मनाना तो कभी एक-दूसरे की खुशियों के लिए दुआएं मांगना… इसी अटूट प्रेम और विश्वास को समर्पित भाई दूज का पर्व बुधवार को क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह होते ही बहनों के अपने पीहर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। घरों में बहनों के आगमन से रौनक छा गई। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह जताया।

पर्व पर कहीं बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाती नजर आईं तो कहीं भाई अपनी बहनों को मिठाई खिलाकर उनका स्वागत करते दिखे। शादी के बाद अपने ससुराल चली गईं बहनों के लिए यह दिन खास रहा। भाई दूज पर पीहर पहुंचकर बहनों ने पुराने दिनों की यादें ताजा कीं। भाई-बहन के बीच हंसी-ठिठोली और अपनत्व ने पर्व की खुशियों को दोगुना कर दिया। बहनों के लिए भाई के माथे पर तिलक लगाना महज एक रस्म नहीं, बल्कि उसके सुखी और सुरक्षित जीवन के लिए ईश्वर से मांगी गई दुआ का प्रतीक रहा।

यमराज ने बहन यमुना को दिया था वरदान : पौराणिक कथा के अनुसार, सूर्यदेव के पुत्र यमराज और पुत्री यमुना में गहरा स्नेह था। यमुना अपने भाई यमराज को बार-बार अपने घर आने का निमंत्रण देती थीं। एक दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। भाई को देखकर यमुना प्रसन्न हो उठीं। उन्होंने यमराज का आदर-सत्कार किया और उनके माथे पर तिलक लगाकर भोजन कराया। बहन के इस स्नेह और सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने उनसे वरदान मांगने को कहा।

यमुना ने वरदान मांगा कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर पहुंचे और उसके हाथों तिलक कराए, उसे अकाल मृत्यु का भय न रहे तथा उसके जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे। यमराज ने बहन को यह वरदान दे दिया। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भाई दूज मनाने की परंपरा प्रचलित हुई। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बहन के हाथों तिलक कराने से भाई को यमराज का भय नहीं रहता और उसे दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है।

भाई दूज का पर्व हर वर्ष यह संदेश देता है कि जीवन की भागदौड़ और दूरियां भाई-बहन के रिश्ते की मिठास को कभी कम नहीं कर सकतीं। बहन की दुआ और भाई का स्नेह ही इस रिश्ते की सबसे बड़ी पूंजी है।

Leave a Comment