WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की पहल: एटा में एक क्लिक पर चुनावी डेटा, छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान, रिपोर्ट इस्लाम खान

*जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की पहल: एटा में एक क्लिक पर चुनावी डेटा, छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान*

 

एटा। जिले में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से छूटे नहीं, इसी उद्देश्य से जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की पहल पर जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रबंधन को डिजिटल तकनीक से जोड़ते हुए एक विशेष डैशबोर्ड तैयार कराया है। इस डैशबोर्ड के माध्यम से जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के बूथवार मतदाता आंकड़ों, जनसंख्या, महिला एवं पुरुष मतदाताओं, युवा मतदाताओं तथा मतदान प्रतिशत से जुड़ी जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। आंकड़ों के विश्लेषण से ऐसे बूथों की पहचान की गई है, जहां जनसंख्या के अनुपात में मतदाताओं का पंजीकरण कम है, महिला मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है अथवा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवा मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।

 

इन क्षेत्रों को चिह्नित कर जिला प्रशासन विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में 28 एवं 29 नवंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान चिन्हित क्षेत्रों एवं बूथों पर विशेष अभियान संचालित कर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने तथा मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। अभियान में महिला मतदाताओं तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर रहेगा।

 

इस पहल की खास बात यह है कि प्रशासन सामान्य स्तर पर अभियान चलाने के साथ ही आकड़ों के आधार पर उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रहा है, जहां मतदाता पंजीकरण में सुधार की अधिक आवश्यकता है।

 

*11.79 लाख से अधिक मतदाताओं का डिजिटल डेटा*

डैशबोर्ड पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 11,79,748 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि जिले की कुल जनसंख्या 21,11,460 दर्शाई गई है। इनमें 6,45,942 पुरुष मतदाता हैं, जो कुल मतदाताओं का 54.75 प्रतिशत हैं। महिला मतदाताओं की संख्या लगभग 5.34 लाख है। मतदाताओं की संख्या, लिंग आधारित विवरण तथा जनसंख्या से जुड़े आंकड़े एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

 

*चार विधानसभा क्षेत्रों के 1,636 बूथों की निगरानी*

डैशबोर्ड में जनपद के चार विधानसभा क्षेत्रों अलीगंज, एटा, जलेसर तथा मारहरा का अलग-अलग विवरण उपलब्ध कराया गया है। इनमें अलीगंज के 438, एटा के 419, जलेसर के 388 तथा मारहरा के 391 मतदान केंद्र शामिल हैं। इस प्रकार जिले के कुल 1,636 मतदान केंद्रों का डेटा एकीकृत स्वरूप में उपलब्ध है।

 

विधानसभा क्षेत्र का चयन कर संबंधित क्षेत्र के बूथों एवं मतदाताओं से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है। इससे क्षेत्रवार समीक्षा, आवश्यकताओं का आकलन तथा प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने में सुविधा मिलती है।

 

*युवा, वरिष्ठ एवं शतायु मतदाताओं का अलग-अलग विवरण*

डैशबोर्ड में मतदाताओं की आयु के आधार पर भी महत्वपूर्ण आंकड़े प्रदर्शित किए गए हैं। उपलब्ध विवरण के अनुसार 12,943 युवा मतदाता, 80 वर्ष से अधिक आयु के 25,660 मतदाता तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के 203 मतदाताओं का डेटा दर्ज है।

 

इस व्यवस्था से अलग-अलग आयु वर्ग के मतदाताओं की स्थिति समझने तथा वरिष्ठ एवं शतायु मतदाताओं से संबंधित निर्वाचन व्यवस्थाओं की योजना बनाने में प्रशासन को मदद मिलती है।

 

*2022 एवं 2024 के मतदान प्रतिशत का तुलनात्मक विश्लेषण*

डैशबोर्ड की एक महत्वपूर्ण विशेषता वर्ष 2022 तथा 2024 के मतदान प्रतिशत का तुलनात्मक विश्लेषण है। इसमें मतदान केंद्रों को मतदान प्रतिशत की अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर आंकड़े प्रदर्शित किए गए हैं। 90 से 100 प्रतिशत, 80 से 90 प्रतिशत, 70 से 80 प्रतिशत, 60 से 70 प्रतिशत सहित अन्य श्रेणियों के आंकड़ों की तुलना की जा सकती है।

 

इस विश्लेषण के माध्यम से उन मतदान केंद्रों की पहचान करना आसान होता है, जहां मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा है। ऐसे क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्राथमिकता देने तथा लक्षित प्रयासों की रणनीति तैयार करने में यह डेटा उपयोगी है।

 

*क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों पर विशेष नजर*

निर्वाचन प्रबंधन के दृष्टिकोण से डैशबोर्ड का Booth Criticality सेक्शन भी महत्वपूर्ण है। इसमें क्रिटिकल, क्रिटिकल/वल्नरेबल तथा वल्नरेबल श्रेणियों में मतदान केंद्रों की तुलनात्मक स्थिति प्रदर्शित की गई है।

 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 में 217 क्रिटिकल, 42 क्रिटिकल/वल्नरेबल तथा 9 वल्नरेबल बूथ दर्ज थे। वर्ष 2024 के आंकड़ों में इनकी संख्या क्रमशः 229, 38 तथा 5 दर्शाई गई है। इन आंकड़ों के तुलनात्मक अध्ययन से संवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति समझने तथा आवश्यकतानुसार निगरानी एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की योजना बनाने में मदद मिलती है।

 

 

*डेटा आधारित प्रशासनिक कार्यप्रणाली को बढ़ावा*

जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य निर्वाचन संबंधी सूचनाओं को एकीकृत कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। डैशबोर्ड के माध्यम से अधिकारियों को यह समझने में सुविधा मिलती है कि किन विधानसभा क्षेत्रों, मतदान केंद्रों अथवा मतदाता समूहों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

 

इससे समीक्षा बैठकों में आंकड़ों के आधार पर चर्चा, प्राथमिकताओं का निर्धारण तथा प्रशासनिक स्तर पर कार्यों की निगरानी अधिक व्यवस्थित तरीके से की जा सकती है।

 

जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की यह पहल जिला प्रशासन में तकनीक के प्रभावी उपयोग तथा डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। निर्वाचन संबंधी आंकड़ों को जमीनी कार्रवाई से जोड़कर जिला प्रशासन मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता के रूप में पंजीकृत कराने की दिशा में प्रयासरत है।

Leave a Comment

नरायनपुर तिराहे पर उमड़ा जनसैलाब, रोजगार एवं भागीदारी यात्रा के साथ चुनार पहुंचीं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत। फूल-मालाओं और गगनभेदी नारों से गूंजा नरायनपुर, विधायक ने सुनीं जनता की समस्याएं।