*छह साल की निष्ठा और नौ विधानसभाओं में काम के बाद उपेक्षा का आरोप, कार्यकर्ता ने छोड़ी भाजपा; आत्मसम्मान को बताया सर्वोपरि- शबाना खंडेलवाल*
आगरा / लखनऊ: 2021 में लखनऊ में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और दयाशंकर के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने वाली एक महिला कार्यकर्ता ने संगठन पर गंभीर उपेक्षा और अनदेखी का आरोप लगाते हुए पार्टी से अलग होने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पद न मिलना उनका दुर्भाग्य नहीं है, लेकिन छह वर्षों की निष्ठा और आत्मसम्मान से समझौता अब स्वीकार नहीं है।
जारी बयान में कार्यकर्ता ने कहा कि पार्टी में शामिल कराते समय उचित जिम्मेदारी और सम्मान का आश्वासन दिया गया था। इसी विश्वास के साथ उन्होंने पिछले लगभग छह वर्षों तक बिना किसी स्वार्थ या पद की लालसा के काम किया और नौ विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव व अन्य गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया। इसके बावजूद उन्हें किसी जिम्मेदारी या कई पार्टी कार्यक्रमों में सहभागिता तक से वंचित रखा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रमों में जाने की बात पर यह कहकर किनारे कर दिया गया कि वे बिना पद या कद के ‘अपेक्षित’ लोगों में शामिल हैं। उनके अनुसार, शीर्ष नेतृत्व तक बात पहुंचाने पर “मजबूरी” और “गलत होने” की बात कही गई, जबकि ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी से मुलाकात और आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तरी विधानसभा से दावेदारी को लेकर किए गए निवेदन पर भी सकारात्मक पहल नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रज कार्यालय बुलाए जाने के बाद उन्हें लगभग चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा और उनके फोन कॉल भी रिसीव नहीं किए गए। बयान में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनके साथ यह व्यवहार उनकी मुस्लिम और वैश्य पृष्ठभूमि के कारण हुआ, जबकि उत्तरी विधानसभा में उनका सामाजिक समीकरण महिला प्रतिनिधित्व के साथ-साथ मुस्लिम और वैश्य समाज सहित विभिन्न वर्गों को जोड़ने में सहायक हो सकता था। उन्होंने कहा कि वे बांटने नहीं बल्कि जोड़ने की राजनीति में विश्वास रखती हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मोहन भागवत के सामाजिक समरसता व राष्ट्र निर्माण के विचारों से प्रेरित होकर काम करती रही हैं। कार्यकर्ता ने स्पष्ट किया कि वे अब भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता नहीं हैं, लेकिन अपनी टीम और सामर्थ्य के सहारे जरूरतमंदों की सेवा तथा सामाजिक कार्य पूर्ववत जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत और आत्मसम्मान की अनदेखी संगठन के लिए आत्ममंथन का विषय है।
















