*एसएसपी का जलेसर थाने पर औचक निरीक्षण, जनसुनवाई और महिला शिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर*
*एटा।* वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि. ने थाना जलेसर का औचक निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव तथा जनसुनवाई की प्रक्रिया का गहनता से जायजा लिया। एसएसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में सक्रियता नजर आई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर, आगंतुक रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, रजिस्टर संख्या-04, रजिस्टर संख्या-08, मिशन शक्ति काउंसलिंग रजिस्टर तथा कार्य वितरण रजिस्टर समेत विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और उनमें आवश्यक प्रविष्टियां समय से दर्ज किए जाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।एसएसपी ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और प्रत्येक प्रार्थना पत्र का नियमानुसार निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।इसके साथ ही महिला सहायता डेस्क का भी निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने महिला संबंधी शिकायतों में पुलिसकर्मियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर भी जोर दिया।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने, थाने की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में समयबद्धता, संवेदनशीलता और जवाबदेही का विशेष महत्व है।एसएसपी के औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने, अभिलेखों को अपडेट रखने तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सुनिश्चित करना रहा।
















