WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

जलेसर में विकास की लॉलीपॉप गंगा, प्रोफेसर साहब का ‘ऐतिहासिक’ योगदान, जनता बोली— स्वाद बना रहना चाहिए रिपोर्ट BMFNews

*जलेसर में विकास की लॉलीपॉप गंगा, प्रोफेसर साहब का ‘ऐतिहासिक’ योगदान, जनता बोली— स्वाद बना रहना चाहिए*

 

जलेसर। जलेसर क्षेत्र इन दिनों विकास की ऐसी अद्भुत धारा में बह रहा है, जिसकी मिठास का अंदाजा केवल वही लगा सकता है जिसने वर्षों से घोषणाओं, आश्वासनों और शिलान्यासों के लॉलीपॉप का स्वाद चखा हो। क्षेत्रीय जनता का कहना है कि सांसद प्रोफेसर साहब के कार्यकाल में विकास ने इतना ऊंचा स्तर छू लिया है कि अब वास्तविक सुविधाओं की आवश्यकता ही महसूस नहीं होती, क्योंकि घोषणाओं का स्वाद ही पर्याप्त है।

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र की सड़कें अब इतनी “आधुनिक” हो चुकी हैं कि गड्ढों को देखकर वाहन चालक स्वयं ही योगासन की मुद्रा में आ जाते हैं। कुछ लोगों का दावा है कि यह सड़कें नहीं, बल्कि साहसिक पर्यटन स्थल हैं, जहां रोजाना मुफ्त रोमांच उपलब्ध है।

प्रोफेसर साहब का सबसे ऐतिहासिक योगदान जलेसर मुंसिफ कोर्ट को लेकर माना जाता है। बताया जाता है कि उन्होंने कोर्ट की स्थापना का ऐसा अद्भुत रिकॉर्ड बनाया कि हर चुनाव में जनता को नई उम्मीद और नया लॉलीपॉप मिल जाता है। अधिवक्ता वर्ग अब अदालत से अधिक घोषणाओं के इतिहास का अध्ययन करने में रुचि लेने लगा है।

*गोद लिए गांवों में ‘मॉडल विकास’*

सांसद द्वारा गोद लिए गए गांवों में विकास की स्थिति इतनी उन्नत बताई जा रही है कि वहां की जनता अब सुविधाओं से नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं से जीवन यापन कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कभी-कभी आती है, पानी कभी-कभी मिलता है, लेकिन आश्वासन नियमित रूप से उपलब्ध हैं।

एक बुजुर्ग ग्रामीण ने मुस्कुराते हुए बताया,

“बेटा, पहले हमें सिर्फ समस्याएं दिखती थीं। अब समस्याओं के साथ विकास के सपने भी दिखते हैं। यही तो असली प्रगति है।”

*एयरपोर्ट और विश्वविद्यालय की विश्वस्तरीय तैयारी*

क्षेत्र में चर्चा है कि अब जलेसर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों का दावा है कि एयरपोर्ट, विश्वविद्यालय, मेट्रो, समुद्री बंदरगाह और अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र जैसे विषयों पर गंभीर स्तर की कल्पनात्मक चर्चाएं जारी हैं।

बताया जाता है कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय में “घोषणा विज्ञान”, “आश्वासन प्रबंधन”, “लॉलीपॉप अर्थशास्त्र” और “शिलान्यास दर्शन” जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। वहीं एयरपोर्ट के रनवे के लिए ऐसी तकनीक पर विचार हो रहा है जिसमें विमान उड़ें या न उड़ें, लेकिन घोषणाएं लगातार उड़ती रहें।

*जनता का अभिनव स्वागत*

हाल ही में क्षेत्र भ्रमण के दौरान जब प्रोफेसर साहब जनता के बीच पहुंचे तो लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एक युवक ने मोबाइल दिखाते हुए कहा,

“सर, यह हमारे क्षेत्र के विकास का लाइव मैप है।”

पास खड़े एक व्यक्ति ने धीरे से कहा,

“मैप नहीं भाई, यह तो अगले चुनाव तक मिलने वाले लॉलीपॉपों की सूची है।”

 

क्षेत्रीय जनता का कहना है कि अब उन्हें सड़क, रोजगार, उद्योग, न्यायालय या अन्य सुविधाओं की चिंता नहीं रही। उनकी एकमात्र मांग है कि विकास के नाम पर मिलने वाले लॉलीपॉप का उत्पादन किसी भी हालत में बंद नहीं होना चाहिए।

क्योंकि जलेसर में अब विकास की पहचान कार्यों से नहीं, बल्कि उनकी शानदार घोषणाओं की मिठास से की जाती है

 

@⁨all⁩

Leave a Comment