फतेहपुर: दबंगों ने बुजुर्ग का निर्माण कार्य रुकवाया, पीड़ित ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार।
एके बिंदुसार की कलम से——-
फतेहपुर (अंदौली) उत्तर प्रदेश। जनपद के थाना राधानगर अंतर्गत ग्राम अंदौली में दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने मिलकर एक 75 वर्षीय वृद्ध के भवन निर्माण कार्य को गुंडई के दम पर जबरन रुकवा दिया है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अंदौली निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग ननका पुत्र छेद्दू अपने निजी भूमि पर पिछले एक सप्ताह से भवन निर्माण करा रहे थे। निर्माण कार्य पिलर स्तर तक पहुंच चुका था, लेकिन आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ दबंगों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को बलपूर्वक रुकवा दिया।
नामजद दबंगों पर गंभीर आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बदरुद्दीन, शमशाद, आकिब, इसरार, अशफाक, फैजान, जिसान, छोटे फरीदपुरी और रईस ने मौके पर पहुंचकर न केवल निर्माण कार्य को रोका, बल्कि घर की महिलाओं को भी धमकाया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि निर्माण कार्य पूरी तरह से वैध है और सरकारी नाली के नियमों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण नहीं है।
अप्रिय घटना की आशंका
बुजुर्ग ननका ने बताया कि दबंगों के इस रवैये से पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि प्रशासन ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की, तो किसी बड़ी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। पीड़ित ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और निर्माण कार्य को निर्बाध रूप से पूरा कराने की मांग की है।
क्षेत्र में चर्चा का विषय बने इस मामले में अब प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि एक बुजुर्ग के साथ इस तरह का व्यवहार कतई उचित नहीं है और प्रशासन को पीड़ित को न्याय दिलाना चाहिए।