सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ, रिपोर्ट सुनील गुप्ता

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ

 

उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने डिजिटल संचार को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल “सूचना प्रवाह” का शुभारंभ किया। चैनल का लोकार्पण आज लखनऊ स्थित लोक भवन में सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र द्वारा किया गया।

 

इस अवसर पर निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

“सूचना प्रवाह” उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का आधिकारिक डिजिटल मंच है, जिसके माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की प्रमाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियानों और महत्वपूर्ण आयोजनों का नियमित प्रसारण भी इस मंच पर किया जाएगा।

 

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में “सूचना प्रवाह” सरकार और जनता के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए नागरिकों को सरकार की योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी सरल एवं आकर्षक स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

 

अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि विभाग आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। “सूचना प्रवाह” के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और शासन की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही और समयबद्ध जानकारी मिल सकेगी।

 

यह यूट्यूब चैनल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के प्रसार का प्रभावी माध्यम बनेगा तथा शासन और आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment