*शांति, सौहार्द और सतर्कता के साथ मनाए जाएंगे आगामी पर्व — डीएम एवं एसएसपी*
*त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न*
*अफवाह फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई, सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी*
एटा, 23 मई 2026 (सू0वि0)। जनपद में आगामी त्योहारों दशहरा, बकरीद, मोहर्रम एवं अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इला मारन की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगर निकाय प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग कर प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए सभी नागरिक मिलजुलकर त्योहारों को परंपरागत हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक सामग्री पर ध्यान न दें तथा ऐसी किसी भी सूचना की तत्काल प्रशासन को जानकारी दें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दृष्टिगत साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुरक्षा व्यवस्था की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि विद्युत एवं पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा नगर निकाय अपने क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई एवं पेयजल आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था बनाए रखें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए तथा खुले स्थानों पर कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। कुर्बानी के उपरांत अवशेष केवल नगरीय निकायों द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही दफनाए जाएं। साथ ही सोशल मीडिया पर कुर्बानी अथवा धार्मिक गतिविधियों से संबंधित वीडियो एवं आपत्तिजनक सामग्री अपलोड न किए जाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी नागरिकों की नैतिक जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इला मारन ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने समस्त थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सतर्कता बनाए रखें तथा थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सभी समुदायों के लोगों से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए त्योहारों को भाईचारे, सौहार्द एवं पारंपरिक उल्लास के साथ मनाए जाने पर सहमति व्यक्त की तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी, नगर निकाय प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, अधिशासी अधिकारीगण एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
— जिला सूचना कार्यालय, एटा








