आनी में पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए निर्वाचन कर्मियों का प्रथम पूर्वाभ्यास संपन्न, SDM ने दिए निष्पक्ष चुनाव के निर्देश, रिपोर्ट जी आर भारद्वाज

 

आनी में पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए निर्वाचन कर्मियों का प्रथम पूर्वाभ्यास संपन्न, SDM ने दिए निष्पक्ष चुनाव के निर्देश

*हिमाचल प्रदेश आनी, 5 मई, 2026 | जी आर भारद्वाज, वरिष्ठ पत्रकार*

 

पंचायती राज आम चुनाव 2026 के मद्देनजर विकास खंड आनी के मेला मैदान में मंगलवार को निर्वाचन अधिकारियों एवं कर्मियों का प्रथम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत में 2 मई को तेज हवा से चलती गाड़ी पर पेड़ गिरने से जान गंवाने वाली चार शिक्षिकाओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।

 

निर्वाचन अधिकारी एवं SDM आनी लक्ष्मण कनेट ने सभी कर्मियों को आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण निर्वाचन प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी अधिकारियों से सेवा नियमों के तहत ईमानदारी से दायित्व निर्वहन की अपील की। साथ ही मतदान सामग्री के साथ निर्धारित बसों से तय रूट एवं समय पर यात्रा करने को कहा।

 

कनेट ने सभी कर्मियों से चुनाव संबंधी पूर्ण प्रशिक्षण लेने तथा बैलट बॉक्स प्रक्रिया की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग अनिवार्य रूप से करने की अपील की। मतदान टीम को एक यूनिट की तरह कार्य करने के निर्देश दिए गए।

 

पंचायत निरीक्षक जोगेंदर शर्मा ने चरणबद्ध ढंग से चुनाव प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदान कक्ष की स्थापना, सहायक निर्वाचन अधिकारी, पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी के दायित्वों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रवक्ता कुन्दन शर्मा तथा पंचायत उप निरीक्षक चुनी लाल ने मत पेटी की हैंड्स ऑन ट्रेनिंग करवाई।

 

इस दौरान सभी चुनाव कर्मियों को फॉर्म 28-क पोस्टल बैलट पेपर के आवेदन वितरित किए गए, जिन्हें 13 मई तक जमा करने के निर्देश दिए गए।

 

पूर्वाभ्यास में सेक्टर मजिस्ट्रेट तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा, सेक्टर अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी व अन्य चुनाव कर्मी मौजूद रहे।

 

पूर्वाभ्यास के बाद सहायक निर्वाचन अधिकारियों की विशेष बैठक हुई, जिसमें निर्वाचन अधिकारी ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए व शंकाओं का समाधान किया। सभी 36 सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत तथा 2 सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत समिति व जिला परिषद को निर्वाचन सामग्री सौंपी गई। राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना अनुसार 7 मई से निर्धारित स्थलों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।

 

चुनाव कर्मियों का द्वितीय पूर्वाभ्यास 13 मई तथा तृतीय व अंतिम पूर्वाभ्यास 23 मई को मेला मैदान आनी में होगा। 24 मई को मतदान पार्टियां अपने केंद्रों के लिए रवाना होंगी। चुनाव तीन चरणों में 26 मई, 28 मई तथा 30 मई को संपन्न करवाए जाएंगे।

Leave a Comment