WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

यमुना किनारे सज गया पशुओं का सबसे बड़ा मेला:  परंपरा की चमक पर प्रशासनिक अनदेखी का साया (बटेश्वर से आज़ की बात ) रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

यमुना किनारे सज गया पशुओं का सबसे बड़ा मेला:

परंपरा की चमक पर प्रशासनिक अनदेखी का साया

(बटेश्वर से आज़ की बात )

शंखनाद, यमुना की लहरें, घंटियों की गूंज और उसके ठीक बगल में हजारों ऊंटों और घोड़ों की हिनहिनाहट—यही पहचान है उत्तर भारत के सबसे प्राचीन और ऐतिहासिक बटेश्वर मेले की। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला यह मेला सिर्फ एक बाजार नहीं, बल्कि भारत की लोक संस्कृति का जीता-जागता दस्तावेज है। इस साल भी, आधिकारिक फीता कटने से हफ्ता भर पहले ही, बटेश्वर की रेतीली धरती पर तंबू तन चुके हैं और हुक्के के धुएं के साथ व्यापार की कशिश शुरू हो चुकी है।

करोड़ों के ‘बादल’ और ‘चेतक’ बने आकर्षण का केंद्र

बटेश्वर मेले की खासियत यहाँ आने वाले पशुओं की विविधता है। इस बार मेले में मारवाड़ी और सिंधी नस्ल के ऐसे शानदार घोड़े आए हैं, जिनकी भव्यता देखकर हर कोई दंग है। 12 हजार से शुरू होकर करोड़ों रुपये तक की कीमत वाले इन घोड़ों को देखने के लिए दूर-दूर से शौकीन पहुँच रहे हैं। वहीं, राजस्थान के रेगिस्तान से चलकर आए सांचोरी नस्ल के नाचते हुए ऊंट मेले की रंगत में चार चांद लगा रहे हैं। दुखद पहलू यह है कि कभी इस मेले की रीढ़ कहे जाने वाले ‘बैल’ अब ट्रैक्टरों के दौर में यहाँ से लगभग गायब हो चुके हैं।

परंपरा बनाम प्रशासनिक उदासीनता

इस ऐतिहासिक मेले का एक दूसरा और स्याह पहलू भी है, जो हर साल व्यापारियों का दिल तोड़ता है। जिला पंचायत, आगरा के अधीन आयोजित होने वाले इस मेले में इस बार प्रशासनिक सुस्ती साफ दिखाई दे रही है। व्यापारी अपने पशुओं के साथ आ तो गए हैं, लेकिन उन्हें पानी, रोशनी और सुरक्षा के लिए खुद ही संघर्ष करना पड़ रहा है।

मेला क्षेत्र के चारों ओर रातों-रात उगे अवैध बैरियर (नाके) स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए जी का जंजाल बन चुके हैं। राहगीरों को डरा-धमका कर की जा रही अवैध वसूली ने मेले के उल्लास को खौफ में बदल दिया है। परिवहन व्यवस्था के नाम पर बस स्टैंड का अता-पता नहीं है, और सबसे बड़ी चिंता यह है कि शुरुआती दिनों में सक्रिय होने वाले ‘जहरखुरानी गिरोह’ व्यापारियों को अपना शिकार बनाने की ताक में जमीन तैयार कर रहे हैं।

जब तंबू में दम तोड़ देती है उम्मीदें

बटेश्वर मेला सिर्फ मुनाफे की जगह नहीं है, यह इन बेजुबानों और उनके मालिकों का अस्थाई आशियाना भी है। लेकिन जब चिकित्सा व्यवस्थाएं फेल हो जाएं, तो यह आशियाना मातम में बदल जाता है। हाल ही में बिहार से आई एक बेशकीमती घोड़ी की इलाज न मिलने से हुई मौत ने जिला प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है। पीड़ित व्यापारियों का दर्द है कि करोड़ों का टैक्स वसूलने वाली जिला पंचायत का कोई भी अधिकारी उनकी सुध लेने मैदान में नहीं उतरता।

11 नवंबर से शुरू हो रहा यह मेला अपनी लोक कला, सांस्कृतिक मंचों और यमुना महाआरती से भले ही पर्यटकों को आकर्षित करे, लेकिन यदि बटेश्वर की इस ऐतिहासिक विरासत को जिंदा रखना है, तो प्रशासन को कागजी बैठकों से निकलकर जमीन पर उतरना होगा। बेजुबान पशुओं और दूर-दराज से आए व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान ही इस ऐतिहासिक मेले की असली साख है।

प्रस्तुति राम सिंह आजाद

Leave a Comment