पुलिस की बदलती तशवीर और इमरान की इंसानियत
फतेहबाद.।खाकी वर्दी का नाम सुनते ही आम तौर पर लोगों के जेहन में कड़क आवाज, सख्त तेवर और कानून के डंडे की छवि उभरती है। लेकिन इसी खाकी के भीतर एक ऐसा संवेदनशील दिल भी धड़क सकता है, जो किसी बेसहारा के आंसू पोंछने के लिए प्रोटोकॉल की सीमाएं लांघ जाए, इसकी एक जीती-जागती मिसाल ताजनगरी आगरा में देखने को मिली है। आगरा के फतेहाबाद सर्कल में तैनात एसीपी इमरान अहमद (2016 बैच के पीपीएस अधिकारी) इन दिनों अपने किसी बड़े इनवेस्टिगेशन या एनकाउंटर के लिए नहीं, बल्कि अपनी बेमिसाल इंसानियत और दरियादिली के लिए पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। अपराध और अपराधियों पर काल बनकर टूटने वाले इस तेज-तर्रार अफसर का एक ऐसा रूप सामने आया है, जिसने न केवल खाकी का गौरव बढ़ाया है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच के विश्वास को एक नई ऊंचाई दी है।
जब तिरपाल के आशियाने में पहुंची ‘मददगार खाकी’
यह पूरी घटना फतेहाबाद के डौकी क्षेत्र की है, जो इन दिनों हर किसी की जुबान पर है। कुछ दिनों पहले एसीपी इमरान अहमद कानून व्यवस्था का जायजा लेने के लिए क्षेत्र के दौरे पर थे। इसी दौरान उनकी नजर रास्ते के किनारे एक जर्जर और फटे हुए तिरपाल पर पड़ी। पुलिस की गाड़ियां रुकीं और जब एसीपी खुद उस आशियाने के भीतर पहुंचे, तो वहां का नजारा बेहद विचलित करने वाला था। एक बुजुर्ग बेसहारा दादी, जिनके सिर पर न तो कोई छत थी और न ही परिवार का कोई सहारा, वह उस तिरपाल के नीचे भूख से बेहाल बैठी थीं।जिनका नाम भूरी देवी था।
एसीपी इमरान अहमद ने जब पास जाकर देखा तो बुजुर्ग दादी अत्यंत दयनीय स्थिति में सूखी और बासी रोटी खाकर अपना पेट भर रही थीं। एक बुज़ुर्ग महिला की यह बेबसी और लाचारी देखकर उस तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी का दिल पसीज गया। उन्होंने बिना एक पल गंवाए तत्काल अपने अधीनस्थों को निर्देश दिए और अपनी व्यक्तिगत जेब से बुजुर्ग दादी के लिए तत्काल राशन, शुद्ध पीने के पानी और अन्य आवश्यक घरेलू सामानों की मुकम्मल व्यवस्था करवाई। उन्होंने डौकी पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि बुजुर्ग महिला को कभी भी भोजन या सुरक्षा की कमी नहीं होनी चाहिए।
अंधेरी झोपड़ी में जलीं दिवाली की मोमबत्तियां, छलक पड़े आंसू
मदद का यह सिलसिला केवल एक दिन के राशन वितरण तक ही सीमित नहीं रहा। हाल ही में जब पूरा देश दीपावली के पावन पर्व पर अपने घरों को रोशनी से जगमगा रहा था और मिठाइयां बांट रहा था, तब इस संवेदनशील पुलिस अधिकारी के मन में उन बेसहारा दादी का ख्याल आया। एसीपी इमरान अहमद त्योहार की चकाचौंध से दूर, हाथ में मिठाइयों के डिब्बे और मोमबत्तियां लेकर सीधे डौकी स्थित उस बुजुर्ग दादी की झोपड़ी पर पहुंच गए।
सर्कल के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी को अचानक अपने द्वार पर देखकर बुजुर्ग दादी की आंखें फटी की फटी रह गईं। एसीपी इमरान अहमद ने किसी बड़े अफसर की तरह नहीं, बल्कि एक बेटे और पोते की तरह जमीन पर बैठकर खुद अपने हाथों से दादी के उस अंधेरे आशियाने के कोने-कोने में मोमबत्तियां जलाईं और उनके जीवन के अंधेरे को दूर करने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने बड़े ही आदर भाव से बुजुर्ग दादी को अपने हाथों से मिठाई खिलाई।
वर्दी वाले इस ‘बेटे’ की ऐसी आत्मीयता और दरियादिली देखकर बुजुर्ग दादी खुद को रोक नहीं सकीं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। झोपड़ी के भीतर का वह दृश्य इतना भावुक था कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। यह केवल एक त्योहार मनाना नहीं था, बल्कि यह उस खाकी की मानवीय संवेदना का चरम था, जो समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के आंसू पोंछने पहुंची थी।
पक्के घर का वादा: केवल हमदर्दी नहीं, मुकम्मल समाधान
एसीपी इमरान अहमद की इस दरियादिली की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने बुजुर्ग महिला को केवल तात्कालिक राहत देकर छोड़ नहीं दिया। दिवाली की खुशियां साझा करने के साथ ही उन्होंने दादी के सिर पर एक स्थाई और सुरक्षित छत देने का बड़ा संकल्प लिया। एसीपी ने बुजुर्ग दादी से हाथ जोड़कर वादा किया कि वे बहुत जल्द ही प्रशासन और सामाजिक सहयोग के माध्यम से उनके लिए एक पक्के मकान (घर) का निर्माण करवाएंगे, ताकि उन्हें इस तरह तिरपाल के नीचे कड़कती ठंड, धूप और बरसात में न तड़पना पड़े। एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी का यह आश्वासन बुजुर्ग महिला के लिए किसी नए जीवनदान से कम नहीं था।
तेज-तर्रार कार्यशैली और भाषा की मिठास का अनूठा संगम
वर्ष 2016 बैच के प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के अधिकारी इमरान अहमद आगरा में अपनी तैनाती के बाद से ही लगातार सुर्खियों में रहे हैं। सहकर्मियों और स्थानीय जनता के बीच उनकी छवि एक ऐसे अधिकारी की है, जो अपराधियों के लिए जितना सख्त और क्रूर है, आम जनता और पीड़ितों के लिए उतना ही नरम और संवेदनशील है। उनकी कार्यशैली बेहद तेज-तर्रार है; फाइलों के निपटारे से लेकर लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने में उनका कोई सानी नहीं है।
लेकिन, जो बात उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग करती है, वह है उनके बात करने का सलीका और भाषा की मिठास। उनके कार्यालय में आने वाला हर फरियादी उनकी सौम्यता और प्रेमपूर्ण व्यवहार का कायल होकर लौटता है। जनता के प्रति इसी लोकप्रिय व्यवहार शैली के कारण वे आगरा के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में जनता के सबसे पसंदीदा अधिकारी बनकर उभरे हैं। गरीबों, शोषितों और बेसहारों के प्रति उनका समर्पण भाव आज के प्रशासनिक दौर में एक नजीर है।
खाकी के प्रति बदलेगा नजरिया: ‘एक कहानी पुलिस की’
अक्सर पुलिसिया तंत्र पर संवेदनहीनता के आरोप लगते रहते हैं, लेकिन इमरान अहमद जैसे अधिकारी यह साबित करते हैं कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। जब वर्दी के भीतर का इंसान जागता है, तो वह समाज में व्यापक बदलाव ला सकता है। सोशल मीडिया से लेकर आगरा की सड़कों तक, एसीपी इमरान अहमद के इस मानवीय कार्य की हर तरफ सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि अगर हर जिले में ऐसे पुलिस अधिकारी हों, तो जनता का पुलिस पर विश्वास कभी कम नहीं होगा। इमरान अहमद की यह इंसानियत भरी कहानी आज पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे के लिए एक गौरवशाली मिसाल बन चुकी है, जो यह संदेश देती है कि खाकी का असली फर्ज सिर्फ डराना नहीं, बल्कि किसी बेसहारा का सहारा बनना भी है।














