रिपोर्ट: एके बिन्दुसार (प्रधान संपादक)
चंदौली। सैयदराजा क्षेत्र के खरखौली गांव में पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। नौबतपुर निवासी मंडवी सिंह ने आरोप लगाया है कि खरखौली गांव में उनकी पुश्तैनी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से विवाद खड़ा किया जा रहा है। मामले को लेकर न्यायालय में भी मुकदमा चला, जिसके बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय से राहत मिलने की बात कही जा रही है।
मंडवी सिंह का कहना है कि न्यायालय से न्याय मिलने के बाद भी उनकी परेशानी कम नहीं हुई है। आरोप है कि अब उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और कहा जा रहा है कि यदि वह अपनी जमीन पर गईं तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस कथित धमकी के बाद परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता ने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन पर सुरक्षित रूप से कब्जा दिलाने तथा धमकी देने वालों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
मंडवी सिंह का कहना है कि यदि न्यायालय से उन्हें जमीन के संबंध में राहत मिली है तो प्रशासन को मौके की स्थिति की जांच कर उन्हें उनकी जमीन पर अधिकार दिलाना चाहिए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से सुरक्षा उपलब्ध कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और जमीन संबंधी विवाद का समाधान किस प्रकार किया जाता है।















