WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

संदिग्ध हालात में मनसैता ग्राम प्रधान लापता, परिजनों ने थाने में दी तहरीर

पंकज कुमार यादव की खास रिपोर्ट

थरवई / प्रयागराज। प्रयागराज जिले के थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के ग्राम प्रधान जानकी नाथ यादव गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान जानकी नाथ यादव गुरुवार की रात करीब साढ़े सात बजे अपने घर पर थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर किसी का फोन आया और वह फोन पर बात करते हुए घर के बाहर निकले। परिजनों ने सोचा कि वह आस-पास ही कहीं टहलते हुए बात कर रहे होंगे और कुछ देर में वापस आ जाएंगे।

लेकिन जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने तुरंत आस-पास के खेतों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन शुरू की। देर रात तक तलाश करने के बाद भी जब ग्राम प्रधान का कोई पता नहीं चला और उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आने लगा तो परिवार में दहशत का माहौल बन गया।

अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने पूरी रात जागकर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंत में थक-हार कर परिजनों ने थरवई थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और गुमशुदगी की तहरीर दी।

 

इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि लापता हुए ग्राम प्रधान जानकी नाथ यादव सिर्फ ग्राम प्रधान ही नहीं हैं, बल्कि वह प्रधान संघ के महामंत्री भी हैं। इसी कारण उनके लापता होने की खबर फैलते ही क्षेत्र के अन्य ग्राम प्रधानों में भी आक्रोश और चिंता फैल गई।

ग्राम प्रधान के भाई छत्रपाल ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके भाई जानकी नाथ यादव गुरुवार रात करीब साढ़े सात बजे किसी से बात करते हुए घर से बाहर निकले थे और उसके बाद से लापता हैं। उन्होंने बताया कि उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बता रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही थरवई पुलिस हरकत में आ गई। थरवई थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस टीम ने गांव और आस-पास के इलाकों में कांबिंग की, लेकिन प्रधान का कहीं पता नहीं चला।

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आस-पास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही ग्राम प्रधान के मोबाइल नंबर को भी सर्विलांस पर लगाया गया है। प्रारंभिक सर्विलांस में थरवई रामलीला मैदान के पास मोबाइल का अंतिम लोकेशन मिला है, जिसके आधार पर पुलिस उस क्षेत्र में विशेष रूप से तलाश कर रही है।

थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान के मोबाइल का सीडीआर भी निकाला जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि गुरुवार रात आखिरी बार उनकी किससे बात हुई थी।

 

ग्राम प्रधान के संदिग्ध हालात में लापता होने की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, वैसे ही राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई।

सपा विधायक आरके वर्मा और प्रधान संघ के कई पदाधिकारी शुक्रवार को थरवई थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और ग्राम प्रधान की सकुशल बरामदगी की मांग की है। प्रधान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ग्राम प्रधान को नहीं खोजा गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

प्रधान संघ का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि का इस तरह संदिग्ध हालात में लापता हो जाना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। पुलिस को इस मामले में तेजी दिखानी चाहिए।

फिलहाल पुलिस ने ग्राम प्रधान की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं से इस मामले की जांच कर रही है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरा गांव प्रधान की सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना कर रहा है।

मुख्य बिंदु –
1. परिजनों ने थाने में दी तहरीर, हैं सहमे
2. सपा विधायक आरके वर्मा और प्रधान संघ ने थाने पहुंचकर सकुशल बरामदगी की मांग की

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment