दबंगई पूर्वक रास्ता निर्माण का आरोप, अधिवक्ता ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के रतन बाग टेंगरा निवासी अधिवक्ता राजेश कुमार रोशन ने दबंगई पूर्वक रास्ते का निर्माण कराए जाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए थाना रामनगर में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, अधिवक्ता राजेश कुमार रोशन ने बताया कि उनके पिता के नाम से संबंधित जमीन को लेकर सिविल जज (जूनियर डिवीजन), चतुर्थ वाराणसी की अदालत में वर्ष 2012 से मुकदमा संख्या 43 लंबित है। आवेदन में आराजी संख्या 134, 135, 136 व 137 स्थित मौजा टेंगरा, तहसील सदर, जनपद वाराणसी का उल्लेख किया गया है।
आवेदनकर्ता का आरोप है कि उक्त भूमि के पश्चिम तरफ आराजी संख्या 130, रकबा 0.005 हेक्टेयर सरकारी अभिलेखों में दर्ज है। आरोप है कि रामबाबू पुत्र स्वर्गीय गिरजा, निवासी स्थानीय क्षेत्र तथा 4-5 अज्ञात लोगों द्वारा कथित रूप से एक नाजायज समूह बनाकर साजिश के तहत उक्त रास्ते का निर्माण कराया जा रहा है।
अधिवक्ता का कहना है कि यह निर्माण कार्य अनैतिक और असामाजिक तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने रास्ते के निर्माण का विरोध किया तो उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां दी गईं। मामले को लेकर अधिवक्ता ने अपनी और अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
प्रार्थना पत्र के माध्यम से थाना प्रभारी रामनगर से संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। आवेदन की प्रतिलिपि संयुक्त पुलिस आयुक्त वाराणसी, जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर और नायब तहसीलदार सदर को भी भेजी गई है।
हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











