स्वच्छता का संकल्प: बुढ़ान सैयद विद्यालय में बच्चों को सिखाया कचरा पृथक्करण का महत्व
आगरा । नगर निगम आगरा के सहयोग से म्यूज फाउंडेशन द्वारा वार्ड संख्या 48 के अंतर्गत बेसिक विद्यालय बुढ़ान सैयद, आगरा में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम ‘स्वच्छता की पाठशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को घर एवं विद्यालय स्तर पर कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाध्यापक राजीव वर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर वार्ड 48 की एस.एफ.आई. श्रीमती नूपुर मैडम एवं जेड.आई. श्री गुलफाम अंसारी ने म्यूज फाउंडेशन की टीम के साथ विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों से बेहद सुंदर एवं आकर्षक रंगोली बनाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रस्तुत किया। रंगोली के माध्यम से बच्चों ने स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ मोहल्ला और स्वच्छ शहर का संदेश दिया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की। म्यूज फाउंडेशन की टीम ने बच्चों को समझाया कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ शहर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बच्चों को विभिन्न रंगों के डस्टबिन के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
हरा डस्टबिन रसोई के कचरे, फलों के छिलकों एवं बचे हुए भोजन के लिए, जबकि नीला डस्टबिन प्लास्टिक, कागज, कांच एवं पैकेजिंग सामग्री के लिए उपयोग करने की जानकारी दी गई। साथ ही लाल डस्टबिन में गैर-बायोडिग्रेडेबल एवं स्वास्थ्य संबंधी संक्रामक कचरा तथा काले डस्टबिन में घरेलू खतरनाक एवं जहरीला कचरा डालने के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने और अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक स्वच्छता का संकल्प लिया।
इस अवसर पर म्यूज फाउंडेशन की टीम के सदस्य मानसी शर्मा, रोशनी, वसीम, विकास एवं सौरवेंद्र सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
















